बारीग्राम में युवती की संदिग्ध मौत, पुलिस जांच में जुटी
मृतका का फाइल फोटो | Prabhat Khabar Network
गांधीनगर के बारीग्राम में 30 वर्षीय युवती पूर्णिमा गुप्ता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पिता ने आरोप लगाया है कि उसके पति बबलू हाड़ी ने उसकी बेटी से मारपीट की। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
गांधीनगर थाना क्षेत्र के बारीग्राम में सोमवार को एक 30 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए तेनुघाट भेज दिया. मृतका की पहचान बारीग्राम निवासी नरेश गुप्ता की पुत्री पूर्णिमा गुप्ता के रूप में हुई है.
तीन माह पहले की थी दूसरी शादी
जानकारी के अनुसार, पूर्णिमा गुप्ता का पहले पति से तलाक हो चुका था. पहली शादी से उसका आठ वर्षीय पुत्र शिवम है. तलाक के बाद उसने करीब तीन माह पूर्व पड़ोस के बबलू हाड़ी से अंतर्जातीय प्रेम विवाह किया था.
मृतका के पति बबलू हाड़ी ने पुलिस को बताया कि रविवार रात दोनों घर में सोए थे. सोमवार सुबह उठने पर उसने पूर्णिमा को फंदे से लटका हुआ पाया. इसके बाद उसने स्थानीय लोगों और पुलिस को घटना की सूचना दी.
पिता ने लगाया मारपीट का आरोप
मृतका के पिता नरेश गुप्ता ने आरोप लगाया कि बबलू हाड़ी अक्सर उनकी बेटी के साथ मारपीट करता था. उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने की मांग की है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी स्थिति स्पष्ट
घटना की सूचना पर गांधीनगर थाना प्रभारी धनंजय कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए.
थाना प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मृतका के पति से पूछताछ की जा रही है. उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










