शिबू सोरेन के तैल-चित्र से छेड़छाड़ पर भड़के झामुमो कार्यकर्ता, प्राथमिकी दर्ज

Updated:
विज्ञापन

जांच करती पुलिस

झामुमो कार्यकर्ताओं ने सेक्टर-1 स्थित टाउन हॉल के पास दिशोम गुरु शिबू सोरेन के तैल-चित्र से कथित छेड़छाड़ के खिलाफ तीव्र आक्रोश व्यक्त किया है. रविवार को कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर पोस्टर हटाकर विरोध जताया और पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराई है.

विज्ञापन

सेक्टर-1 स्थित टाउन हॉल के समीप स्थापित दिशोम गुरु स्व. शिबू सोरेन के तैल-चित्र के साथ कथित छेड़छाड़ को लेकर रविवार को झामुमो कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखा गया. आरोप है कि शनिवार रात तैल-चित्र को फ्रेम से हटाकर उसकी जगह स्व. पंडित गौरी शंकर ओझा की तस्वीर वाला पोस्टर लगा दिया गया. घटना की जानकारी मिलने के बाद झामुमो समर्थक मौके पर पहुंचे और पोस्टर हटाकर विरोध जताया.

आपके शहर में

विज्ञापन

तस्वीर हटाने का लगाया आरोप

झामुमो जिलाध्यक्ष रतन लाल मांझी ने बीएस सिटी थाना में दर्ज करायी गयी शिकायत में आरोप लगाया है कि सेक्टर-3 निवासी शशिभूषण ओझा उर्फ मुकुल और अन्य लोगों ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन की तस्वीर को फ्रेम से हटाकर उसके स्थान पर अपने पिता स्व. गौरी शंकर ओझा की तस्वीर लगा दी. उन्होंने बताया कि शनिवार रात करीब आठ बजे एक कार्यकर्ता ने उन्हें घटना की सूचना दी, जिसके बाद पार्टी पदाधिकारी और समर्थक मौके पर पहुंचे.

कार्रवाई की मांग को लेकर थाना पहुंचे कार्यकर्ता

घटना के विरोध में बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता टाउन हॉल के समीप एकत्र हुए और लगाए गए पोस्टर को हटा दिया. इसके बाद सभी बीएस सिटी थाना पहुंचे तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की. कार्यकर्ताओं ने कहा कि झारखंड आंदोलन के अग्रणी नेता और दिशोम गुरु शिबू सोरेन का अपमान किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा.


थाना पहुंचे झामुमो कार्यकर्ता
थाना पहुंचे झामुमो कार्यकर्ता

पुलिस ने शुरू की जांच

मामले की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी सुदामा दास घटनास्थल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल लोगों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद क्षेत्र में एहतियातन पुलिस निगरानी भी बढ़ा दी गयी है.

राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बनी घटना

शिबू सोरेन के तैल-चित्र से छेड़छाड़ की घटना के बाद राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गयी है. झामुमो नेताओं ने इसे गंभीर मामला बताते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola