भाड़ा बढ़ाने पर बनी सहमति, डंपर ऑनरों ने कोल ट्रांसपोर्टिंग बंदी स्थगित की
वार्ता के लिए थाने पहुंचे हाईवा संगठन के लोग | Prabhat Khabar Network
बेरमो कोयलांचल के डंपर ऑनरों ने भाड़ा बढ़ाने की मांग को लेकर स्थगित किया आंदोलन. 13 अगस्त को होगी निर्णायक बैठक, जहां भाड़ा निर्धारण पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा.
ट्रांसपोर्टिंग रेट बढ़ाने की मांग को लेकर 10 अगस्त से बालीडीह और दुगदा क्षेत्र की कोल ट्रांसपोर्टिंग ठप करने की घोषणा करने वाले बेरमो कोयलांचल के डंपर ऑनरों ने फिलहाल अपना आंदोलन स्थगित कर दिया है. रविवार को बेरमो थाना में थाना प्रभारी रोहित कुमार सिंह की उपस्थिति में हाइवा कोयलांचल ऑनर एसोसिएशन और ट्रांसपोर्टरों के बीच हुई वार्ता में भाड़ा बढ़ाने पर सहमति बनने के बाद यह निर्णय लिया गया.
बढ़ती लागत से डंपर ऑनर परेशान
हाइवा कोयलांचल ऑनर एसोसिएशन के अध्यक्ष गुलाबचंद महतो ने कहा कि वर्तमान समय में छह वर्ष पुराने भाड़ा दर पर ट्रांसपोर्टिंग कार्य करना आर्थिक रूप से संभव नहीं रह गया है. उन्होंने बताया कि इस अवधि में डंपर और हाइवा वाहनों की कीमतों के साथ-साथ डीजल, टायर, स्पेयर पार्ट्स, रखरखाव, स्टाफ वेतन, टैक्स, फिटनेस, परमिट और इंश्योरेंस समेत अन्य खर्चों में काफी वृद्धि हुई है. इसके बावजूद परिवहन दरों में अपेक्षित बढ़ोतरी नहीं होने से वाहन मालिकों को लगातार नुकसान उठाना पड़ रहा है.
13 अगस्त को होगी निर्णायक बैठक
वार्ता के दौरान ट्रांसपोर्टिंग कंपनियों ने भाड़ा बढ़ाने पर सहमति जतायी, हालांकि बढ़ोतरी की अंतिम दर तय नहीं हो सकी. इस संबंध में 13 अगस्त को बेरमो विधायक कुमार जयमंगल सिंह की उपस्थिति में विधायक आवास पर ट्रांसपोर्टरों और एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के बीच विस्तृत बैठक होगी. बैठक में भाड़ा निर्धारण के मुद्दे पर अंतिम निर्णय लिये जाने की संभावना है.
सहमति नहीं बनी तो फिर होगा आंदोलन
एसोसिएशन ने स्पष्ट किया है कि 13 अगस्त की बैठक में यदि भाड़ा बढ़ोतरी को लेकर संतोषजनक निर्णय नहीं लिया गया तो पुनः आंदोलन शुरू किया जायेगा और कोल ट्रांसपोर्टिंग कार्य ठप किया जा सकता है. फिलहाल वार्ता के सकारात्मक संकेतों को देखते हुए 10 अगस्त से प्रस्तावित बंदी को स्थगित कर दिया गया है.
वार्ता में एसोसिएशन के मुन्ना कुमार, अंशु राय, शंभू महतो, कुणाल महतो, आजाद बाउरी समेत अन्य पदाधिकारी और ट्रांसपोर्टर मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










