चंदनकियारी विद्युत सब स्टेशन लूटकांड का खुलासा, तीन अपराधी गिरफ्तार
प्रेस वार्ता में मामले की जानकारी देते उपाधीक्षक रामप्रवेश कुमार | Prabhat Khabar Network
चंदनकियारी विद्युत सब स्टेशन में हुई लूट की वारदात का पुलिस ने एक हफ्ते के अंदर पर्दाफाश कर दिया है. इस मामले में तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके पास से चोरी का सामान और नकदी बरामद हुई है.
चंदनकियारी विद्युत सब स्टेशन में दो अगस्त की रात हुई लूटकांड का पुलिस ने एक सप्ताह के भीतर खुलासा कर दिया है. मामले में तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने उनके पास से घटना में प्रयुक्त दो वाहन, मोबाइल फोन, चोरी किया गया स्क्रैप तार, 8,600 रुपये नकद और कई बैंक डेबिट कार्ड बरामद किये हैं. घटना के उद्भेदन के लिए गठित एसआईटी ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों को दबोचा.
रविवार को चंदनकियारी थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में एसआईटी में शामिल पुलिस उपाधीक्षक बोकारो रामप्रवेश कुमार ने बताया कि घटना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सहायक पुलिस अधीक्षक (चास) वेदांत शंकर के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया था. टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का सफल उद्भेदन किया.
पतरातू के रहने वाले हैं तीनों आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामगढ़ जिले के पतरातू थाना क्षेत्र निवासी 27 वर्षीय मो. शहजाद, 30 वर्षीय अलाउद्दीन अंसारी उर्फ लादेन और 26 वर्षीय प्रकाश प्रजापति के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार तीनों ने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार कर लिया है.
रेकी के बाद दिया था घटना को अंजाम
जांच में यह बात सामने आयी है कि अपराधियों ने लूटकांड को अंजाम देने से पहले विद्युत सब स्टेशन की रेकी की थी. पुलिस का कहना है कि घटना में अन्य लोगों की भी संलिप्तता है. उनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है. चोरी गये कुछ अन्य सामानों की बरामदगी के लिए भी प्रयास किये जा रहे हैं.
एसआईटी और छापेमारी टीम रही सक्रिय
कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक संजय कुमार, थाना प्रभारी अमित कुमार राय, अनुरंजन समेंद्र समद, पप्पू कुमार मेहता, मुकेश दयाल, मुन्ना कुमार रवानी, राजीव रंजन, राजेश कुमार, अजीत कुमार, मनोज कुमार सहित एसआईटी और पुलिस बल के अन्य जवान शामिल थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










