घर के बाहर खेल रही बच्ची पर लोमड़ी का हमला, गंभीर रूप से घायल
लोमड़ी के हमले में जख्मी बच्ची | Prabhat Khabar Network
कसमार प्रखंड के नावाडीह गांव में घर के बाहर खेल रही साढ़े चार साल की बच्ची पर लोमड़ी ने हमला कर दिया. बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई और उसका चेहरा बुरी तरह जख्मी हो गया है. उसे इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया है.
कसमार प्रखंड के नावाडीह गांव में बुधवार की सुबह घर के बाहर खेल रही साढ़े चार वर्षीय बच्ची पर लोमड़ी ने हमला कर दिया. हमले में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गयी. उसका चेहरा बुरी तरह जख्मी हो गया है. बच्ची को प्राथमिक उपचार के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कसमार में भर्ती कराया गया है.
घर के सामने खेलते समय हुआ हमला
घायल बच्ची रूही कुमारी के पिता निर्मल महतो ने बताया कि सुबह करीब साढ़े सात बजे नहाने के बाद रूही घर के सामने खेल रही थी. इसी दौरान अचानक एक लोमड़ी वहां पहुंची और उस पर झपट पड़ी. लोमड़ी ने बच्ची के चेहरे पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया.
बचाने पहुंचे चाचा पर भी किया हमला
बच्ची के रोने की आवाज सुनकर उसके बड़े चाचा राजेश महतो मौके पर पहुंचे और उसे बचाने का प्रयास किया. इस दौरान लोमड़ी ने उन पर भी हमला करने की कोशिश की. हालांकि राजेश महतो किसी तरह खुद को बचाने में सफल रहे और बच्ची को लोमड़ी के चंगुल से छुड़ा लिया.
इलाज के लिए सीएचसी में कराया गया भर्ती
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गयी. परिजनों ने बच्ची को पहले स्थानीय चिकित्सक के पास ले जाकर प्राथमिक उपचार कराया. इसके बाद बेहतर इलाज के लिए उसे सीएचसी कसमार पहुंचाया गया. चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है.
गांव में पहली बार हुई ऐसी घटना
बच्ची की मां भुवनेश्वरी कुमारी और पड़ोसी बिहारी महतो ने बताया कि गांव में लोमड़ी के हमले की यह पहली घटना है. ग्रामीणों का अनुमान है कि आसपास के जंगल से भटककर लोमड़ी गांव में पहुंच गयी होगी. घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और लोग विशेष रूप से बच्चों की सुरक्षा को लेकर सतर्क हो गये हैं.
वन विभाग को दी गयी सूचना
घटना की जानकारी वन विभाग को दे दी गयी है. ग्रामीणों ने वन विभाग से गांव और आसपास के क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने तथा जंगली जानवरों की गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By दीपक सवाल
मैं दीपक सवाल, 1994 से प्रभात खबर से जुड़ा हूं। वर्ष 2011 से 2015 तक बोकारो कार्यालय में स्टॉफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत रह चुका हूं। 2015 से कसमार डेटलाइन से कार्यरत हूं। मेरा संपर्क नंबर : 9431145607
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










