Bokaro News : माइंस के बगल में मार्ग में भड़की आग, आवागमन ठप
Published by : JANAK SINGH CHOUDHARY Updated At : 24 Mar 2025 11:08 PM
Bokaro News : सीसीएल बीएंडके एरिया की बोकारो कोलियरी डीडी माइंस के किनारे चार नंबर के कई टोलों के लिए बने वैकल्पिक मार्ग में जमीनी आग भड़क गयी है.
गांधीनगर. सीसीएल बीएंडके एरिया की बोकारो कोलियरी डीडी माइंस के किनारे चार नंबर के कई टोलों के लिए बने वैकल्पिक मार्ग में जमीनी आग भड़क गयी है. प्रबंधन ने सोमवार को इस मार्ग पर आवागमन रोक दिया. यहां पूर्व में ही आग लगी हुई थी और प्रबंधन बुझाने का प्रयास कर रहा था. सुबह अचानक पीसीसी मार्ग में कई स्थानों पर दरारें पड़ गयीं और धुआं निकलने लगा. इससे अफरातफरी की स्थिति उत्पन्न हो गयी. पीओ एनके सिंह, मैनेजर संजय सिंह, नीतीश कुमार, सुरक्षा अधिकारी वीके पंडित, शिफ्टिंग इंचार्ज कौशल किशोर सिंह, अशोक सिंह, पुरुषोत्तम कुमार सहित कई अधिकारी पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. तत्काल जेसीबी मशीन से मिट्टी और पत्थर रख कर मार्ग को अवरुद्ध कर दिया. प्रबंधन ने वहां से कुछ दूर के अलग मार्ग तथा लोधरबेड़ा के रास्ते से होकर आवागमन करने का आग्रह लोगों से किया. साथ ही पास के बेरमो दक्षिणी पंचायत सचिवालय में भी लोगों को कामकाज नहीं करने का आग्रह किया गया है. पीओ ने कहा कि प्रबंधन द्वारा इस स्थान में पूर्व में ही पाइप से पानी गिराया जा रहा है, जल्द ही आग पर काबू पा लिया जायेगा. जमसं के क्षेत्रीय सचिव टीनू सिंह, इनमोसा के विजय कुमार सिंह, सीटू के क्षेत्रीय सचिव विजय कुमार भोई, पंसस रूमा देवी, सीटू के वरुण कुमार, राकोमयू के सुनील कुमार शर्मा, रोशन सिंह भी पहुंचे और पीओ से बात की. कहा कि माइंस विस्तार में प्रबंधन को सभी लोग सहयोग करने के लिए तैयार हैं, परंतु यहां रहने वाले दिहाड़ी मजदूरों को भी सुविधाओं के साथ शिफ्ट कराया जाये. मालूम हो की माइंस विस्तार के दौरान पेट्रोल पंप के समीप का मुख्य मार्ग बंद कर दिया गया था और कथारा जाने वाले मुख्य मार्ग से जोड़ कर इस वैकल्पिक मार्ग को बनाया गया था.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










