Bokaro News: पांच महीने बाद अपनों के बीच लौटा सदस्य, परिवार ने ली राहत की सांस
Published by : ANAND KUMAR UPADHYAY Updated At : 25 Feb 2026 11:34 PM
Bokaro News: कसमार प्रखंड के मुरहुलसूदी गांव निवासी दिनेश महतो रोजगार की तलाश में निकले थे चेन्नई, भटककर पहुंच गये थे असम.
कसमार, कसमार प्रखंड के मुरहुलसूदी गांव निवासी दिनेश महतो (58 वर्ष) करीब पांच महीने बाद सुरक्षित अपने घर लौट आये. बुधवार को उनके गांव पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली. लंबे समय से लापता दिनेश की सकुशल वापसी से गांव में खुशी का माहौल है. जानकारी के अनुसार 13 सितंबर को दिनेश महतो रोजगार की तलाश में चेन्नई जाने के लिए अपने पंचायत के पिरगुल निवासी लक्ष्मण गंझू, जुमरा निवासी झगरू महतो और भागीरथ मुंडा के साथ निकले थे. सभी साथी तो चेन्नई पहुंच गये, लेकिन दिनेश ट्रेन यात्रा के दौरान रहस्यमय तरीके से बिछड़ गये. बताया जाता है कि वे मुरी स्टेशन से ट्रेन में सवार हुए थे, लेकिन गंतव्य तक नहीं पहुंच सके. परिवार ने काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. अंततः उनकी पत्नी मुटका महतो ने कसमार थाना में पति की गुमशुदगी की लिखित सूचना दी थी. दिनेश महतो ने घर लौटने के बाद बताया कि वे भटकते हुए असम पहुंच गए थे. मोबाइल या किसी परिचित का नंबर नहीं होने के कारण वे संपर्क नहीं कर सके. वहां एक कारखाने में काम मिल जाने पर वे वहीं रुक गये. इस बीच क्षेत्र के कुछ लोगों के संपर्क में आने के बाद स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि मनोज कुमार महतो को इसकी जानकारी मिली. प्रयास के बाद संपर्क स्थापित हुआ और दिनेश को सुरक्षित घर वापस लाया गया. मनोज महतो, पूर्व पंसस श्रीकांत सोरेन, शिबूदेव सोरेन, दशरथ बेदिया आदि ने घर तक पहुंचाया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










