Bokaro news: आपकी खुशियों की कुंजी आपके ही हाथों में : डॉ सुबोध
Published by : ANAND KUMAR UPADHYAY Updated At : 10 Oct 2025 10:46 PM
Bokaro news: विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर चिन्मय विद्यालय में सेमिनार, सोशल मीडिया के अत्यधिक उपयोग से युवाओं में तनाव, चिंता व अवसाद (डिप्रेशन) के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं.
बोकारो, चिन्मय विद्यालय बोकारो में विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर शुक्रवार को विशेष सेमिनार आयोजित हुआ. विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व, तनाव प्रबंधन व सोशल मीडिया के अत्याधिक उपयोग के दुष्प्रभावों के बारे में बताया गया. मुख्य अतिथि बोकारो जनरल अस्पताल (बीजीएच) के मनोवैज्ञानिक चिकित्सक डॉ सुबोध कुमार ने कार्यक्रम की शुरुआत की. डॉ कुमार ने कहा कि खुशियों की कुंजी खुद के हाथों में है. वर्तमान में मानसिक स्वास्थ्य शारीरिक स्वास्थ्य से भी अधिक महत्वपूर्ण हो गया है. युवाओं में तनाव, चिंता व अवसाद (डिप्रेशन) के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं, जिनका एक बड़ा कारण सोशल मीडिया का अत्यधिक उपयोग है. डॉ कुमार ने कहा कि विद्यार्थी भावनाओं को दबाने के बजाय परिवार या विशेषज्ञों से साझा करें. मानसिक तनाव की स्थिति में किसी को अकेला न छोड़ें, बल्कि संवाद व सहयोग के माध्यम से समाधान खोजें. कार्यक्रम संयोजक मनीष कुमार ने विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के महत्व के बारे में बताया. प्राचार्य सूरज शर्मा ने कहा कि शिक्षा को बोझ नहीं, आनंद का माध्यम समझना चाहिए. छात्रों को स्क्रीन ऑन टाइम को नियंत्रित करने व तनाव-मुक्त होकर पढ़ाई करने का सुझाव दिया. संचालन सुप्रिया चौधरी ने किया. कार्यक्रम में चिन्मय मिशन बोकारो की आवासीय आचार्या स्वामिनी संयुक्तानंदा सरस्वती, विद्यालय के अध्यक्ष विश्वरूप मुखोपाध्याय, सचिव महेश त्रिपाठी, उप प्राचार्य नरमेंद्र कुमार, हेड मास्टर गोपाल चंद्र मुंशी समेत सभी शिक्षिका-शिक्षक व विद्यार्थी मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










