Bokaro News : विद्यार्थी प्रभात फेरी व विभिन्न विभाग निकालेंगे झांकी

Updated:
विज्ञापन
Bokaro News : विद्यार्थी प्रभात फेरी व विभिन्न विभाग निकालेंगे झांकी

Bokaro News : 77वें गणतंत्र दिवस समारोह की रूपरेखा तैयार, डीसी ने वीसी के जरिये बैठक कर दिये दिशा-निर्देश.

विज्ञापन

बोकारो, जिले में उत्साह व हर्ष के साथ 77वां गणतंत्र दिवस समारोह मनाया जायेगा. राष्ट्रीय पर्व की तैयारी को लेकर मंगलवार को उपायुक्त अजय नाथ झा ने आवासीय कार्यालय कक्ष से वीडियो संवाद के जरिये बैठक की. उपायुक्त ने कहा कि योजनाबद्ध तरीके से गणतंत्र दिवस को मनाया जायेगा. विद्यार्थियों की ओर से विभिन्न हिस्सों में प्रभात फेरी निकाली जायेगी. इसके लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी व बीएसएल के उप निदेशक को समन्वय स्थापित कर तैयारी करने को कहा.

उपायुक्त ने सभी विभाग के पदाधिकारियों को गणतंत्र दिवस से संबंधित तैयारियों को लेकर दिशा-निर्देश दिया. सभी विभाग को झांकी में सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को प्रदर्शित करने को कहा. डीसी ने गणतंत्र दिवस के पूर्व संध्या 25 जनवरी को सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजन को लेकर शिबू सोरेन स्मृति भवन (टाउन हाल) को आरक्षित करने व अन्य तैयारियों को लेकर जरूरी निर्देश दिया. डीसी ने कहा कि सभी दायित्व का अनुपालन समय पर हो. सुरक्षा के मद्देनजर मुख्य समारोह स्थल पुलिस लाइन मैदान, सेक्टर 12 में मेडिकल टीम को रखने का निर्देश चिकित्सा पदाधिकारी दिया.

इन विभाग से प्रदर्शित होगी झांकी

चास नगर निगम, समाज कल्याण विभाग, स्वास्थ्य विभाग, मत्स्य विभाग, सहकारिता- आपूर्ति विभाग, गव्य व पशुपालन, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, कृषि विभाग-जिला अग्रणी बैंक- नाबार्ड, परिवहन विभाग, भूमि संरक्षण सर्वेक्षण विभाग, शिक्षा विभाग, खेल कूद एवं पर्यटन विभाग, सामाजिक सुरक्षा कोषांग, अग्निशमन विभाग, पुलिस विभाग, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, जेएसएलपीएस, डीएमएफटी-खनन विभाग की ओर से झांकी प्रदर्शित की जायेगी.

पदाधिकारियों को सौंपी गयी जिम्मेदारी

मुख्य समारोह स्थल सेक्टर 12 स्थित पुलिस लाइन मैदान के घास काटने, सफाई कार्य, गमला व सौंदर्यीकरण, शहीद स्मारक का रंगाई का कार्य, समारोह स्थल की घेराबंदी, पंडाल – बैठने की व्यवस्था, पब्लिक संबोधन सिस्टम, झंडा-झंडोतोलन की तैयारी आदि को लेकर विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों को जिम्मेवारी दी गयी. पर्यवेक्षण व निरीक्षण के लिए प्रभारी प्रवर व नजारत उप समाहर्ता को संयुक्त रूप से प्राधिकृत किया गया.

18 जनवरी से होगा परेड का पूर्वाभ्यास

18 जनवरी से परेड का पूर्वाभ्यास मुख्य समारोह स्थल पर होगा. परेड में जैप 04 का एक प्लाटून, जिला सशस्त्र बल का दो प्लाटून, सीआरपीएफ का एक प्लाटून, सीआइएसएफ का एक प्लाटून, गृह रक्षा वाहिनी का एक प्लाटून, सीआइएसएफ का एक बटालियन व विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं का प्लाटून शामिल होंगे. परेड को श्रेणीबद्ध पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) बोकारो करेंगे. 24 जनवरी को उपायुक्त व पुलिस अधीक्षक संयुक्त रूप से परेड का निरीक्षण करेंगे.

उत्कृष्ट कार्य व प्रदर्शन करने वाले होंगे सम्मानित

मुख्य समारोह स्थल पर परेड पुरस्कार, मेधावी छात्र, खेल, सांस्कृतिक, कला में विशेष प्रदर्शन करने वाले समेत पदाधिकारियों-कर्मियों, अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया जायेगा. इस बाबत सभी विभाग को सूची तैयार कर कमेटी को समर्पित करने का निर्देश दिया गया. बैठक में मुख्य अतिथि के स्कॉट, नगर की साज सजावट, आमंत्रण कार्ड का मुद्रण व वितरण, विधि व्यवस्था संधारण समेत कई अन्य बिंदुओं पर भी चर्चा हुई. जिला मुख्यालय की साफ-सफाई को सुनिश्चित करने के लिए चास नगर निगम व बीएसएल प्रबंधन को निर्देशित किया गया. फुसरो नगर परिषद समेत सभी बीडीओ – सीओ को क्षेत्रवार साफ-सफाई व महत्वपूर्ण प्रतिमा स्थल की साफ-सफाई का निर्देश दिया गया. मौके पर उप विकास आयुक्त शताब्ती मजूमदार, अपर समाहर्ता मुमताज अंसारी, प्रभारी पदाधिकारी सामान्य शाखा पीयूष, सहायक जन संपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह व अन्य मौजूद थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Anand Kumar Upadhyay

लेखक के बारे में

By Anand Kumar Upadhyay

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola