Bokaro News : जर्जर सड़क, पेयजल, स्ट्रीट लाइट की समस्या से जूझ रहें निगमवासी
Published by : ANAND KUMAR UPADHYAY Updated At : 29 Jan 2026 11:34 PM
Bokaro News : चास नगर निगम के वार्ड संख्या छह का हाल : ढाई वर्ष के बाद भी पूरा नहीं हुआ सोलागीडीह तालाब का जीर्णोद्धार कार्य.
चास, चास नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत वार्ड संख्या छह में कच्ची-जर्जर सड़क, पेयजल व स्ट्रीट लाइट की समस्या लंबे समय से बनी हुई हैं. वार्ड की आबादी लगभग 16 हजार है. जबकि मतदाताओं की संख्या करीब 07 हजार है. 2020 में नगर निगम बोर्ड भंग हो गया था. इसके बाद छह साल से निगम प्रशासक की देखरेख में काम हो रहा है. लेकिन आजतक इस वार्ड क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं का समाधान नहीं हुआ. वार्ड के पिनरगड़िया से सोलागीडीह तक सड़क पूरी तरह जर्जर हो गयी है. सड़क किनारे नाली का भी निर्माण नहीं कराया गया है. इस सड़क को बनाने के लिए दर्जनों बार स्थानीय लोगों ने निगम कार्यालय में आवेदन दिया है. लेकिन लोगों को सिर्फ आश्वासन ही मिला. जलापूर्ति भी काफी कम समय के लिए होती है. वार्ड के कई इलाकों में लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पाता है. लोगों ने कहा कि समस्याएं जस की तस बनी हुई है.
पाइपलाइन का विस्तार तो हुआ, लेकिन नहीं मिला पानी
वार्ड छह के सोलागीडीह बस्ती और ज्ञान दर्शन स्कूल कॉलोनी में निगम के पेयजलापूर्ति पाइपलाइन का विस्तार तो किया गया है, लेकिन अभी तक लोगों को को पर्याप्त मात्रा में पेयजल नहीं मिल पाता है. स्थानीय लोगों का कहना है कि जलापूर्ति योजना फेज एक के बाद अब फेज दो का भी ट्रायल हो गया, लेकिन हमलाेगो को जलापूर्ति योजना से पानी कब मिलेगा पता नहीं. खासकर गर्मी के दिनों में लोगों को बहुत ज्यादा परेशानी होता है.स्ट्रीट लाइट है खराब
वार्ड क्षेत्र के सभी जगहों पर स्ट्रीट लाइट नहीं लगायी गयी है. जहां लगायी है, उसमें से आधा से ज्यादा खराब हो गयी है. स्ट्रीट लाइट की मेंटेनेंस नहीं होने से कई मोहल्ले रात में अंधेरे में डूबे रहते हैं. वहीं सोलागीडीह तालाब से पिनरगड़िया जाने वाले रास्ता किनारे रहने वाले लोग आज भी बांस के सहारे बिजली जला रहे हैं बारिश के दिनों में शॉर्ट सर्किट का डर बना रहता है.तालाब में घुस रहा है नाली का पानी
सोलागीडीह तालाब का 3.50 करोड़ रुपये से जीर्णोद्धार कार्य शुरू हुआ था. इसको वर्ष 2024 तक पूरा करना था, लेकिन निगम की उदासीनता के कारण ढाई वर्ष में कार्य पूरा नहीं हुआ. पानी को सूखाकर मिट्टी कटाई का कार्य शुरू किया, लेकिन पूरा नहीं हुआ. जीर्णोद्धार कार्य पूर्ण नहीं होने पर स्थानीय लोगों में आक्रोश है. लोग संबंधित एजेंसी पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. वर्तमान में तालाब लबालब हुआ है. तालाब में लगातार नाली का पानी घुस रहा है, जिससे पानी पूरी तरह दूषित हो गया है और आधा तालाब जलकुंभी से भर गया है. नाली निर्माण के लिए स्थानीय लोगों ने आंदोलन भी किया था. लेकिन निगम प्रशासन ने सिर्फ आश्वासन दिया. वहीं लोगों ने कहा कि जगह-जगह कचरा का अंबार लगा रहता है. निगम की एजेंसी द्वारा नियमित कचरा का उठाव नहीं किया जाता है. कचरा उठाव नहीं होने से इससे बदबू और संक्रमण का खतरा बढ़ गया है.पूर्व पार्षद का दावा
वार्ड छह की पूर्व वार्ड पार्षद उर्मिला देवी ने कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में वार्ड क्षेत्र में कई विकास कार्य कराये हैं. निगम में छह साल से प्रशासन राज चल रहा है. सही तरीके से कार्य नहीं होने से क्षेत्र की जनता परेशान हैं. सभी लोगों को जलापूर्ति का पानी नहीं मिल पाया. चुनाव के बाद जैसे ही बोर्ड का गठन होगा, लोगों की समस्या दूर होगी.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










