Bokaro News : तालाब में डूबकर स्वास्थ्य विभाग के कर्मी की मां की मौत

Published by : ANAND KUMAR UPADHYAY Updated At : 26 May 2025 11:32 PM

विज्ञापन

Bokaro News : बीएस सिटी थाना क्षेत्र के सेक्टर-1सी स्थित एक तालाब में हुई घटना, मानसिक रूप से बीमार थी महिला.

विज्ञापन

बोकारो, बीएस सिटी थाना क्षेत्र के सेक्टर-1सी स्थित एक तालाब में सोमवार की सुबह डूबकर बोकारो स्वास्थ्य विभाग के कर्मी अमित कुमार की मां प्रतिभा राय (65) की मौत हो गयी. आसपास के लोगों की सूचना पर पुलिस पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आसपास के लोगों से पहचान कराई. पहचान होने के बाद इसकी सूचना मृतक के बेटे सेक्टर-1सी स्थित आवास संख्या 1311 निवासी अमित कुमार को दी गयी. परिजनों के पहुंचने के बाद पुलिस शव का पोस्टमार्टम कराई और परिजनों को सौंप दी. इस संबंध में पुलिस ने यूडी केस दर्ज की है. बताया कि वहीं से गुजर रहे लोगों की सूचना पर पुलिस पहुंची थी. पूछताछ के दौरान बेटे ने बताया कि वह प्रत्येक दिन मॉर्निंग वॉक के लिए निकली थी. वह मानसिक रूप से भी बीमार थी. वह तालाब के अंदर कैसे गई, इसका कोई अंदाजा नहीं है. वह अकेले ही टहलने निकलती थी.

ससुर ने दर्ज कराया दामाद पर पुत्री की हत्या का मामला

चीरा चास थाना क्षेत्र के मांझी टोला स्थित ससुराल में 30 वर्षीय शीला की हत्या का मामला प्रकाश में आया है. रविवार की घटना के बाद मृतका के रामगढ़ गोला निवासी पिता तुलसी मुर्मू ने सोमवार को हत्या की प्राथमिकी दर्ज करायी है. मामले में मृतका के पति निर्मल सोरेन को हत्यारोपी बनाया है. मृतका के पिता ने पुलिस को बताया कि रविवार को समधन रतनी देवी की सूचना पर चीरा चास स्थित बेटी के ससुराल पहुंचा, तो वह एक घाट पर मृत पड़ी हुई थी. घर के लोगों से पूछने पर किसी ने उसके मौत का स्पष्ट कारण नहीं बताया. उसके कान से खून बह रहे थे, कान के अलावा शरीर के दूसरे हिस्सों पर गहरे जख्म का निशान था, जो इशारा कर रहा था कि उनकी मृतक बेटी को पीट-पीटकर बेरहमी से मौत के घाट उतारा गया है. मौके से उनका आरोपी दामाद गायब था. पुलिस आरोपी पति की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.

परीक्षा केंद्र से 16 वर्षीय लड़की को अगवा किया

टांड़ बालीडीह स्थित एसएस प्लस टू हाइ स्कूल स्थित परीक्षा केंद्र के पास से 16 वर्षीय नाबालिग लड़की को अगवा किए जाने का मामला बालीडीह थाना पहुंचा. अपहृत छात्रा के पिता के लिखित शिकायत पर बालीडीह पुलिस ने सोमवार को मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू किया है. मामले में पटना दीदारगंज निवासी युवक तिरंगा कुमार को आरोपी बनाया गया है. अपहृत छात्रा के पिता के अनुसार उनकी बेटी उक्त परीक्षा केंद्र में 11वीं की परीक्षा देने गयी थी. शाम तक नहीं लौटी, तो इधर-उधर खोजबीन शुरू किया. सोमवार को उसे अगवा किए जाने की जानकारी मिलने के बाद थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गयी है. बालीडीह पुलिस ने मामले में पटना की संबंधित पुलिस से संपर्क किया है.

बालीडीह पेट्रोल पंप से 22 पीस बैट्री की चोरी

बालीडीह थाना क्षेत्र के इस्पात पेट्रोल पंप से 22 पीस एक्साइड पावर सेव प्लस बैट्री चोरी कर ली गयी. पेट्रोल पंप के मैनेजर जरीडीह निवासी कृष्ण कुमार की शिकायत पर पुलिस ने सोमवार को इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की. प्राथमिकी के अनुसार 25-26 मई रात दो बजे पेट्रोल पंप में अचानक पूरा अंधेरा छा गया. जब पंप में मौजूद सीएनजी ऑपरेटर ने चेक किया, तो पाया 22 पीस बैट्री गायब है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों को चिन्हित करने में जुटी हुई है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
ANAND KUMAR UPADHYAY

लेखक के बारे में

By ANAND KUMAR UPADHYAY

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola