Bokaro News : सड़क पर बह रहे दूषित पानी से त्रस्त हैं जम्हार के ग्रामीण

Updated:
विज्ञापन
Bokaro News : सड़क पर बह रहे दूषित पानी से त्रस्त हैं जम्हार के ग्रामीण

Bokaro News : थाना में शिकायत दर्ज कराने का लिया निर्णय, बोले लोग : लगातार फैल रही दुर्गंध के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है.

विज्ञापन

कसमार, कसमार प्रखंड अंतर्गत मधुकरपुर पंचायत के जम्हार गांव में सड़क पर बहते दूषित पानी की समस्या अब ग्रामीणों के लिए गंभीर संकट बन चुकी है. लंबे समय से जारी इस परेशानी के कारण गांव का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है. बुधवार को इससे त्रस्त ग्रामीणों का आक्रोश खुलकर सामने आया और उन्होंने सामूहिक रूप से विरोध दर्ज कराया. इस दौरान यह भी निर्णय लिया गया कि अगर स्थिति नहीं बदली तो दोषी लोगों के खिलाफ थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी जाएगी. जम्हार के विनोद महतो, रामकुमार महतो, अशोक महतो, लालमोहन महतो, शंकर कुमार, प्रमोद कुमार, नागेश्वर महतो, फूलचंद महतो, भीम कुमार, हीरालाल महतो, आशा देवी, अजय कुमार, पानू महतो, अनिल महतो आदि ग्रामीणों ने बताया कि चंडीपुर गांव के सुइयाडीह (सुइया टोला) के कुछ लोग अपने घरों का मलमूत्र, गंदा पानी और घरेलू अपशिष्ट जानबूझकर सड़क पर बहा रहे हैं. यह दूषित पानी बहते हुए जम्हार बस्ती में आकर जमा हो जाता है, जिससे सड़क पूरी तरह कीचड़ और गंदगी से भर गयी है. लगातार फैल रही दुर्गंध के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है. ग्रामीणों के अनुसार, गंदे पानी के जमाव से मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है और डायरिया, हैजा, टायफाइड व त्वचा रोग जैसी बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है. सबसे अधिक परेशानी बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को हो रही है. सड़क पर कीचड़ और पानी जमा रहने से आवागमन भी बाधित हो गया है, जिससे रोजमर्रा के कामकाज प्रभावित हो रहे हैं. ग्रामीणों ने बताया कि समस्या को लेकर कई बार संबंधित लोगों को मौखिक रूप से समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन इसके बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ. ग्रामीणों ने मांग की है कि इस समस्या का शीघ्र स्थायी समाधान निकाला जाए, ताकि गांव को गंदगी, बीमारी और दुर्गंध से निजात मिल सके. विरोध के दौरान स्थानीय पंचायत समिति सदस्य इंद्रजीत पांडेय भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने कहा कि इस समस्या को लेकर वे अपने स्तर से पहले भी पहल कर चुके हैं. कहा कि समस्या का समाधान आवश्यक है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Anand Kumar Upadhyay

लेखक के बारे में

By Anand Kumar Upadhyay

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola