ePaper

Bokaro News : अपात्र राशन कार्डधारी सरेंडर करें राशन कार्ड, नहीं तो होगी कार्रवाई : डीडीसी

Updated at : 17 Jul 2025 10:12 PM (IST)
विज्ञापन
Bokaro News : अपात्र राशन कार्डधारी सरेंडर करें राशन कार्ड, नहीं तो होगी कार्रवाई : डीडीसी

Bokaro News : समाहरणालय स्थित सभागार में डीडीसी ने की खाद्य आपूर्ति विभाग की समीक्षा बैठक, दिये कई दिशा- निर्देश.

विज्ञापन

बोकारो, समाहरणालय सभागार में गुरुवार को उप विकास आयुक्त (डीडीसी) शताब्दी मजूमदार की अध्यक्षता में खाद्य आपूर्ति विभाग की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक हुई. डीडीसी ने कहा कि ऐसे सभी राशन कार्डधारी, जो राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एमएफएसए), ग्रीन राशन कार्ड आदि की आहर्ता पूरी नहीं करते, वे स्वयं स्वेच्छा से राशन कार्ड सरेंडर करें. यदि कोई अपात्र कार्डधारी समय रहते स्वेच्छा से कार्ड नहीं लौटाता हैं, तो उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

ग्राम सभा में कार्डधारियों का नाम सार्वजनिक कर करें विलोपित

डीडीसी ने सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि अपात्र लाभुक या जिन्होंने पिछले छह से 12 माह तक खाद्यान्न का उठाव नहीं किया है, उनकी पहचान सुनिश्चित करते हुए उनके नामों की ग्राम सभाओं में घोषणा करें. निर्धारित प्रक्रिया के तहत उनके नाम राशन कार्ड से विलोपित करें. डीडीसी श्रीमती मजूमदार ने कहा कि सरकार की मंशा है कि पात्र व जरूरतमंद परिवारों को ही योजना का लाभ मिले. अपात्र लोगों के कारण कई वंचित लोग लाभ से दूर हैं, जिसे तत्काल दुरुस्त किया जाना जरूरी है.

मुख्यमंत्री दाल-भात केंद्रों में स्वच्छता जरूरी, औचक निरीक्षण करें

डीडीसी ने जिला में संचालित मुख्यमंत्री दाल-भात केंद्र में स्वच्छता को लेकर दिशा-निर्देश दिया. उन्होंने क्षेत्र भ्रमण के दौरान केंद्रों का औचक निरीक्षण करने का निर्देश दिया. वहीं, केंद्र संचालकों को आमजनों को गुणवत्तापूर्ण भोजन सुनिश्चित करने की बात कही. दाल-भात केंद्र जरूरतमंद व श्रमिक वर्ग के लिए संचालित कल्याणकारी योजना है, ऐसे में इन केंद्रों की कार्यप्रणाली पर सतत निगरानी जरूरी है.

पारदर्शिता जरूरी-वितरण व स्टॉक पंजी का नियमित हो संधारण

डीडीसी ने कहा कि जन वितरण प्रणाली (जविप्र) दुकानों में खाद्यान्न वितरण संबंधित सभी अभिलेख-वितरण पंजी, स्टॉक पंजी आदि का विधिवत, अद्यतन एवं स्पष्ट संधारण करना जरूरी है. अलग-अलग पंजी में प्रतिदिन संधारण होना चाहिए. उन्होंने सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, विपणन पदाधिकारी को इसके लिए सतत निगरानी करने व जविप्र दुकानदारों को निर्देशित करने को कहा.

पीजीएमएस पोर्टल पर लंबित मामलों का करें निष्पादन

डीडीसी ने पीजीएमएस पोर्टल पर लंबित आवेदनों के निष्पादन में तेजी लाने का निर्देश दिया. कहा कि 534 प्राप्त आवेदनों में से 421 आवेदनों का निष्पादन हुआ है. अभी भी 113 आवेदन लंबित है, इसे भी जल्द निष्पादित करें. साथ ही, राशन कार्डधारियों के इ-केवाइसी कार्य को भी शत प्रतिशत पूरा करने को कहा, ताकि किसी भी जरूरतमंद का नाम राशन कार्ड से नहीं कटें. चंद्रपुरा व नावाडीह प्रखंड को इस पर विशेष ध्यान देने को कहा.

पैक्स मिलर को अविलंब कराएं शेष धान उपलब्ध

डीडीसी ने वित्तीय वर्ष 24-25 धान अधिप्राप्ति को लेकर भी समीक्षा की. कसमार प्रखंड के मुरहुलसुदी, मधुकरपुर व पोटसो पैक्स से धान अभी भी संबंधित मिलर को पहुंचा नहीं है, इसपर संबंधित पैक्सों को अविलंब धान पहुंचाना सुनिश्चित करने को कहा. ताकि, संबंधित किसानों को धान की राशि का भुगतान किया जा सके. ऐसा नहीं करने पर पैक्सों के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज की जाएगी. इस कार्य को उच्च प्राथमिकता के तहत बीएसओ व एमओ को सुनिश्चित करने को कहा.

कृषि-सहकारिता कराएं किसानों का पंजीकरण

डीडीसी ने कृषि एवं सहकारिता विभाग के पदाधिकारियों को जिला के किसानों का पंजीकरण कराने का निर्देश दिया. मौके पर जिला आपूर्ति पदाधिकारी शालिनी खालखो, जिला कृषि पदाधिकारी साहिद, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह, सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी , मार्केटिंग ऑफिसर, विभिन्न पैक्सों के प्रतिनिधि व अन्य मौजूद थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
ANAND KUMAR UPADHYAY

लेखक के बारे में

By ANAND KUMAR UPADHYAY

ANAND KUMAR UPADHYAY is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola