गुरुजी रात्रि पाठशाला पहुंचे बोकारो डीसी, छात्रों से किया संवाद, वाई-फाई और कैंटीन सुविधा होगी शुरू
दिशोम गुरु शिबू सोरेन फाइल फोटो
बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा ने राम रूद्र सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस परिसर में संचालित गुरुजी रात्रि पाठशाला का निरीक्षण किया. उन्होंने छात्रों से संवाद कर उनकी समस्याओं को जाना और शीघ्र समाधान का निर्देश दिया. वाई-फाई, कैंटीन और बेहतर पेयजल की व्यवस्था जल्द होगी.
बोकारो: जिले के जोधाडीह स्थित राम रूद्र सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस परिसर में संचालित गुरुजी रात्रि पाठशाला का सोमवार शाम उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा ने निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों से सीधा संवाद कर अध्ययन व्यवस्था, उपलब्ध सुविधाओं और उनकी जरूरतों की जानकारी ली.
निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों ने इंटरनेट सुविधा, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं से उपायुक्त को अवगत कराया. इस पर डीसी ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं शीघ्र सुदृढ़ करने और विद्यार्थियों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
बेहतर अध्ययन माहौल बनाने पर जोर
उपायुक्त ने कहा कि गुरुजी रात्रि पाठशाला में अध्ययनरत विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है. उन्होंने वाई-फाई सुविधा को जल्द सुदृढ़ और निर्बाध बनाने का निर्देश दिया, ताकि छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन अध्ययन सामग्री और डिजिटल संसाधनों का बेहतर लाभ मिल सके.
बड़ा वाटर प्यूरीफायर और कैंटीन होगी शुरू
निरीक्षण के दौरान डीसी ने वर्तमान वाटर प्यूरीफायर के स्थान पर अधिक क्षमता वाला नया वाटर प्यूरीफायर लगाने का निर्देश दिया. साथ ही गुरुजी रात्रि पाठशाला परिसर में जल्द कैंटीन का संचालन शुरू करने को कहा, ताकि विद्यार्थियों को अध्ययन के दौरान भोजन और अल्पाहार की सुविधा मिल सके.
अब देर रात तक होगी पढ़ाई
उपायुक्त ने बताया कि आदरणीय दिशोम गुरु स्व. शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर मंगलवार से गुरुजी रात्रि पाठशाला का संचालन देर रात तक किया जाएगा. इससे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को अधिक समय तक पढ़ाई करने का अवसर मिलेगा और उन्हें बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा.
इस दौरान डीसी ने मंगलवार को आयोजित होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों की भी समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने का निर्देश दिया.
निरीक्षण के मौके पर उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, प्रशिक्षु आईएएस डॉ. अरविंद राधाकृष्णन, जिला शिक्षा पदाधिकारी समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे.
ये भी पढ़ें...
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By अमलेश नंदन सिन्हा
अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










