Bokaro News : बोकारो एयरपोर्ट : प्रशासन की तैयारी लगभग पूरी

Bokaro News : बोकारो एयरपोर्ट को लेकर प्रशासन की तैयारी लगभग पूरी हो गयी है.
बोकारो एयरपोर्ट से उड़ान कब शुरू होगी, इसको लेकर पिछले दिनों एयरपोर्ट ऑथरिटी ऑफ इंडिया (एएआइ) की टीम का दौरा हुआ था. टीम ने निरीक्षण कर डीसी अजयनाथ झा से मुलाकात की. एससी मुमताज अंसारी को समन्वयक बनाया गया. एसी सभी संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर शेष काम को जल्द पूरा करायेंगे. लेकिन, उड़ान कब से शुरू होगी, इसके लिए थोड़ा इंतजार करना पड़ सकता है. जिला प्रशासन की ओर से तैयारी लगभग पूरी कर ली गयी है. कुछ छोटी-मोटी तैयारी बाकी है.
सतनपुर पहाड़ी में लाइट लगने का हो रहा इंतजार
मार्च में हुई बैठक में सतनपुर पहाड़ी पर उच्च तीव्रता वाले फ्लैश लाइट/ऑब्स्ट्रक्शन लाइट का अधिष्ठापन एक सप्ताह के अंदर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया था. एसी मुमताज अंसारी की माने तो सारा सामान आ गया है.जिस दिन एएआई इस दिशा में निर्देश देगी, उस दिन इंस्टॉलेशन हो जायेगा. हालांकि, अबतक माना जा रहा था कि यह जिम्मेदारी वन विभाग को दी गयी है, लेकिन इस मसले पर डीएफओ नीतीश कुमार ने बताया कि पिछली बैठक में ही क्लीयर कर दिया गया था कि यह काम वन विभाग नहीं, बल्कि जिला प्रशासन करेगा.प्रमुख चौक-चौराहों में लगेंगे सीसीटीवी कैमरे
बीएसएल को दुंदीबाद बाजार सहित आसपास के प्रमुख चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्देश दिया गया है. चास एसडीओ प्रांजल ढ़ांडा ने चिन्हित स्थलों की सूची बीएसएल प्रबंधन को उपलब्ध करा दी है. सीसीटीवी कैमरा लगाने की प्रक्रिया टेंडर में है. पूरे सिटी एरिया में 110 व दुंदीबाद क्षेत्र में 10 सीसीटीवी कैमरे लगाये जायेंगे.
एमओयू की समयावधि समाप्त, नवीकरण का निर्देश
एयरपोर्ट के संचालन को लेकर एयरपोर्ट ऑथरिटी ऑफ इंडिया (एएआइ) व बोकारो स्टील प्रबंधन (बीएसएल) के बीच हुए एमओयू की समयावधि समाप्त हो गयी है. एएआइ की टीम ने पिछले दिनों इस मसले पर भी जानकारी साझा की थी. जिला प्रशासन ने एमओयू के नवीकरण को लेकर संबंधित अधिकारी को दिशा-निर्देश दिया है. साथ ही राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से कंसेंट टू ऑपरेट (सीटीओ) के लिए आवेदन करने का निर्देश भी दिया गया है.
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर है पूरी तैयारी
बोकारो एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए बॉम्ब थ्रेट कंटीजेंसी प्लान, एयरपोर्ट की सिक्योरिटी वेटिंग, बीसीएएस सिक्योरिटी क्लियरेंस, डॉग स्क्वाड यूनिट की व्यवस्था व एयरपोर्ट पर आवश्यक सुरक्षा मानकों के अनुपालन के संबंध में जिला प्रशासन की ओर से पूरी तैयारी है. नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो की ओर से पहचानी गयी अधिकांश आवश्यकताओं को लगभग पूरा कर लिया गया है.
फेंसिंग के अंदर हो रहा अतिक्रमण
06 मार्च को बोकारो उपायुक्त की अध्यक्षता में एयरपोर्ट से जुड़े विभिन्न विकास व सुरक्षा कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गयी थी. बीएसएल प्रबंधन को निर्देश दिया गया था कि अतिक्रमण मुक्त कराये गये परिसर में स्लैब के जरिये 15 दिनों के भीतर बाउंड्री निर्माण कार्य पूरा करे. साथ ही संबंधित क्षेत्र में ट्रेसपासर्स विल बी प्रोसिक्यूटेड का बोर्ड लगाने को भी कहा गया था, ताकि दोबारा अतिक्रमण की कोशिशों को रोका जा सके. लेकिन, अभी भी इस दिशा में कोई खास पहल नहीं दिख रही है. उक्त क्षेत्र में अतिक्रमण फिर से घर बनाने लगा है. फेंसिंग तो करायी गयी है, लेकिन उसके अंदर भी अतिक्रमण कर लिया गया है.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




