Bokaro News : मुआवजे पर सहमति बनी, 14 घंटे बाद गोमिया-ललपनिया मार्ग से हटा जाम

Updated:
विज्ञापन
Bokaro News : मुआवजे पर सहमति बनी, 14 घंटे बाद गोमिया-ललपनिया मार्ग से हटा जाम

Bokaro News : ट्रैक्टर की चपेट में आने से तीन लोगों की हो गयी थी मौत

विज्ञापन

Bokaro News : प्रतिनिधि, महुआटांड़. गोमिया-ललपनिया मुख्य सड़क पर गुरुवार रात हुए सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत के बाद मुआवजे की मांग को लेकर आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों द्वारा की गयी सड़क जाम शुक्रवार को करीब साढ़े बारह बजे समाप्त हो गयी. जब मुआवजा आदि की मांगों पर आश्रितों ने प्रशासन की पहल पर सहमति दी. इसके बाद शवों को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम को तेनुघाट भेज दिया गया. शुक्रवार को प्रशासनिक पदाधिकारियों की मौजूदगी में वार्ता हुई. इस दौरान ट्रैक्टर मालिक ने मृतकों के आश्रितों को एक-एक लाख रुपये मुआवजा देने का आश्वासन दिया, वहीं तत्काल बीस-बीस हजार रुपये नगद भी दिये गये. साथ ही, प्रशासन की ओर से भी सरकारी प्रावधान के तहत हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया गया. विदित हो कि गुरुवार की रात्रि हुए हादसे के बाद परिजन मौके पर पहुंच कर मुआवजा और उचित कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया था. इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे आम राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा.

वार्ता में कौन-कौन थे शामिल :

वार्ता में बेरमो एसडीओ मुकेश मछुआ, गोमिया बीडीओ महादेव कुमार महतो, सीओ आफताब आलम तथा इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार सहित गोमिया थाना प्रभारी रवि कुमार, ललपनिया ओपी प्रभारी जयप्रकाश एक्का दल बल के साथ मौजूद रहे. अधिकारियों के समझाने-बुझाने के बाद परिजन शांत हुए और जाम समाप्त कराया गया.

तीन लोगों की मौत के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल :

उक्त सड़क हादसे में तुलबुल बोरवाडीह निवासी कृष्णा मुर्मू (22) व उमेश किस्कू (23) की मौत हो गई थी. वहीं, इस घटना के थोड़ी देर पहले तुलबुल की ओर लुगू पहाड़ के चढ़ान के शुरुआत में ही उसी ट्रैक्टर के धक्के से ललपनिया के तिलैया निवासी(मूल रूप से होसिर के) चंद्रकिशोर प्रसाद(61) की मौत हो गई थी. तीन लोगों की मौत के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है.

मंत्री मृतकों के परिजनों से मिले, जतायी संवेदना :

झारखंड के पेयजल एवं स्वच्छता तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने शुक्रवार को गोमिया प्रखंड के बोरवाडीह (तुलबुल) एवं तिलैया पहुंच कर सड़क हादसे में मृतकों के परिजनों से मुलाकात की और गहरी शोक संवेदना व्यक्त की. मंत्री श्री प्रसाद ने बोरवाडीह (तुलबुल) निवासी परमेश्वर मांझी, बाबूदास किस्कू तथा तिलैया निवासी स्वर्गीय चंद्र साव के आवास पर जाकर शोकाकुल परिवारों को ढांढस बंधाया. मंत्री ने कहा कि इस कठिन समय में वे स्वयं तथा पूरा समाज शोक संतप्त परिवारों के साथ मजबूती से खड़ा है. इधर, मंत्री योगेंद्र प्रसाद गोमिया के वरिष्ठ पत्रकार नागेश्वर कुमार(71) के निधन की सूचना पर गोमिया प्रखंड अंतर्गत हजारी पंचायत के ग्राम खुदगड़ा स्थित उनके आवास पहुंचे. इस दौरान उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढ़स बंधाया. मौके पर बीडीओ महादेव कुमार महतो, गोमिया थाना प्रभारी रवि कुमार, विधायक प्रतिनिधि अमित पासवान, संतोष साव, उमेश महतो आदि उपस्थित थे.

विज्ञापन
Manoj Kumar

लेखक के बारे में

By Manoj Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola