Bokaro News : गोमिया में लोन दिलाकर 56 महिलाओं से ठगे 46 लाख रुपये, आरोपी दंपती फरार
Published by : MANOJ KUMAR Updated At : 15 Apr 2026 12:50 AM
Bokaro News : माइक्रो फाइनेंस कंपनियों के रिकवरी एजेंट लोन जमा करने के लिए दे रहे धमकी
Bokaro News : प्रतिनिधि, गोमिया. गोमिया प्रखंड की सुदूरवर्ती चुट्टे पंचायत के चुट्टे गांव में लोन के नाम पर बड़े ठगी कांड का खुलासा हुआ है. गांव के ही एक दंपती ने 56 महिलाओं को कम ब्याज का लालच देकर उनके नाम पर करीब 46,02,535 रुपये का लोन पास कराया और पूरी राशि हड़प कर फरार हो गया. मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी जीरू कुमारी और उसके पति अजय कुमार ठाकुर ने गांव की भोली-भाली महिलाओं को बच्चों की पढ़ाई और शादी-विवाह के लिए आसान शर्तों पर लोन दिलाने का भरोसा दिलाया. झांसे में आकर महिलाओं ने अपने आधार कार्ड, बैंक खाते और अन्य जरूरी दस्तावेज आरोपियों को सौंप दिये. इसके बाद दंपती ने विभिन्न निजी फाइनेंस कंपनियों से उनके नाम पर लोन स्वीकृत करा लिया.
खाते में पैसा आते ही कराया ट्रांसफर :
आरोप है कि लोन की राशि जब महिलाओं के खातों में आयी, तो दंपती ने यह कहकर पैसे अपने खाते में ट्रांसफर करा लिये कि इससे सिविल स्कोर बेहतर होगा और भविष्य में अधिक राशि का लोन आसानी से मिल सकेगा. इसी भरोसे में आकर महिलाओं ने पूरी रकम ट्रांसफर कर दी. पीड़िता गिरिजा देवी ने पत्रकारों को बताया कि उसके नाम पर 40-40 हजार रुपये के तीन और 50 हजार रुपये का एक लोन लिया गया है. इसी तरह अधिकांश महिलाओं के नाम पर दो से तीन लोन पास कराये गये हैं.विश्वास जीतकर रचा धोखाधड़ी का जाल :
दंपती ने शुरुआत में अपने घर को ही कार्यालय का रूप दिया और कुछ महिलाओं को छोटे लोन दिलाकर भरोसा कायम किया. इसके बाद बड़े स्तर पर लोन पास कराकर रकम अपने खाते में मंगवा ली. 23 फरवरी को दोनों अचानक फरार हो गये. दंपती के फरार होने के बाद विभिन्न माइक्रो फाइनेंस कंपनियों के रिकवरी एजेंट अब महिलाओं से किस्त वसूलने के लिए घर-घर पहुंच रहे हैं. पीड़ितों का आरोप है कि एजेंट सुबह से देर रात तक दबाव बनाते हैं, गाली-गलौज करते हैं और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं. कई महिलाएं इस दबाव से बेहद परेशान हैं.थाने का चक्कर काट रहीं महिलाएं :
पीड़िता हेमिया देवी, रीना देवी, मुनवा देवी, लीलावती देवी, गिरिजा देवी समेत अन्य ने चतरोचट्टी थाने में लिखित शिकायत दर्ज करायी है. पुलिस ने कांड संख्या-17/26 के तहत धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है और साइबर सेल की मदद से आरोपियों के बैंक खातों और लोकेशन की जांच कर रही है. पुलिस ने कसमार थाना क्षेत्र में आरोपियों के एक रिश्तेदार के घर पर सोमवार की रात छापेमारी की, लेकिन भनक लगते ही वे फरार हो गये. मौके से एक मोटरसाइकिल जब्त की गयी है.कोटआरोपी ने माइक्रो फाइनेंस कंपनियों से महिलाओं के नाम पर लोन निकलवाया, लेकिन राशि जमा नहीं की गयी. प्रारंभिक तौर पर करीब 20 लाख रुपये की गड़बड़ी की बात सामने आ रही है. हालांकि जांच जारी है.
शशि शेखर, थाना प्रभारी, चतरोचट्टीप्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










