हेमंत को आंख दिखाने की तैयारी में कांग्रेस

रांची: झारखंड में कांग्रेस आने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर काफी सकते में है. वह वर्तमान सरकार के कामकाज से संतुष्ट नहीं है. इसके लिए आज वह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से दो टूक बात करने की तैयारी में है. इस संबंध में कांग्रेस नेताओं की शिकायत के बाद पार्टी के बड़े नेता हेमंत से सवाल-जवाब […]
रांची: झारखंड में कांग्रेस आने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर काफी सकते में है. वह वर्तमान सरकार के कामकाज से संतुष्ट नहीं है. इसके लिए आज वह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से दो टूक बात करने की तैयारी में है. इस संबंध में कांग्रेस नेताओं की शिकायत के बाद पार्टी के बड़े नेता हेमंत से सवाल-जवाब करेंगे.
बताया जा रहा है कि वे हेमंत सरकार सवाल करेंगे कि अगले चार महीने की कार्ययोजना और विकास योजनाओं में तेजी लाने के लिए सरकार क्या करेगी, कांग्रेस यह जानना चाहती है. मंगलवार को कांग्रेस प्रभारी बीके हरि प्रसाद व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखदेव भगत मुख्यमंत्री से सरकार के कामकाज को लेकर बात करेंगे. मंगलवार की दोपहर कांग्रेस नेताओं के साथ मुख्यमंत्री की बैठक हो सकती है.
कांग्रेस जनहित के कार्यो में तेजी लाने के लिए गंठबंधन सरकार पर दबाव बना रही है. पार्टी मुख्यमंत्री से जानना चाह रही है कि सरकार ऐसा कौन सा काम अगले तीन-चार महीने में करने जा रही है, जिसके बल पर कांग्रेस-झामुमो गंठबंधन विधानसभा चुनाव में जा सके. कांग्रेस स्वास्थ्य, शिक्षा, खाद्य आपूर्ति, ग्रामीण विकास व ऊर्जा विभाग की कार्ययोजना जानना चाहती है.
मंत्रियों ने भी की है शिकायत : केंद्रीय नेतृत्व के सामने कांग्रेस के कई मंत्रियों ने भी सरकार के कामकाज की शिकायत की थी. कहा था कि जनहित और विकास कार्यो की फाइल महीनों तक दबा कर रखी जाती है. विभागीय सचिव कामकाज में तेजी नहीं ला रहे हैं. सरकार में नियुक्ति संबंधी फाइल पर बेवजह आपत्तियां लगायी जा रही हैं. विभागीय अधिकारी विकास कार्य में रुचि लें, इसकी पहल मुख्यमंत्री स्तर पर नहीं हो रही है.
पार्टी नेताओं के साथ भी बैठेंगे प्रभारी : कांग्रेस प्रभारी बीके हरिप्रसाद प्रसाद मंगलवार को संगठन के नेताओं के साथ भी बैठक करेंगे. युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआइ और सेवा दल के नेताओं के साथ बैठक करेंगे. मीडिया सदस्य लाल किशोर नाथ शाहदेव ने बताया कि बैठक में प्रदेश अध्यक्ष श्री भगत और विधायक दल के नेता राजेंद्र प्रसाद सिंह भी मौजूद रहेंगे.
गंठबंधन पर कोई खतरा नहीं
मंत्री राजेंद्र सिंह ने कहा कि दिल्ली बैठक में संगठन को मजबूत करने पर चर्चा हुई. जल्द ही एनएसयूआइ व सेवा दल के पदाधिकारियों के साथ बैठक होगी, जिसमें आगे की रणनीति बनायी जायेगी. उन्होंने कहा कि कांग्रेस-झामुमो गंठबंधन पर कोई खतरा नहीं है. विधानसभा चुनाव में गंठबंधन बने रहने के सवाल पर कहा : अभी विधानसभा चुनाव होने में काफी समय है.
कामकाज से संतुष्ट नहीं
‘‘पार्टी नेतृत्व सरकार के कामकाज से संतुष्ट नहीं है. अब समय नहीं है. ऐसे में बेहतर कार्ययोजना से ही विकास कार्य में तेजी लायी जा सकती है. हम मुख्यमंत्री से मिल कर उनकी कार्ययोजना जानना चाह रहे हैं. उनसे सिस्टम दुरुस्त करने पर बात करेंगे. कैसे अधिकारियों को जवाबदेह बना कर काम में तेजी लाये, इस पर चर्चा होगी. कांग्रेस समय सीमा के अंदर योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए चिंतित है.
सुखदेव भगत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष
कांग्रेस जो काम चाहती है
जिला से लेकर राज्य स्तरीय विभिन्न पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाये
बड़े स्तर पर ऐसी योजना शुरू हो, जिसका लाभ ग्रामीणों को मिले
पीडीएस सिस्टम को दुरुस्त किया जाये
बीपीएल-एपीएल की योजना को कारगर तरीके से लागू किया जाये
राशन कार्ड बनाने का काम जल्द पूरा किया जाये
ग्रामीण इलाके की सड़कें युद्ध स्तर पर बनायी जाये
ग्रामीण इलाके में पेयजल आपूर्ति की योजना को कारगर तरीके से लागू करें
पलामू, हजारीबाग, राजमहल में 100 बेड के अस्पताल का काम पूरा हो
12 जिलों में 30 बेड के अस्पताल खोले जायें
कक्षा एक से पांच तक 14 हजार शिक्षकों की नियुक्ति करें
1900 उर्दू शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया पूरी की जाये
प्राथमिक और मध्य विद्यालयों में शिक्षकों की बहाली हो
प्राथमिक विद्यालयों के 9000 शिक्षकों को प्रोन्नति मिले
कृषि मंत्री चाहते हैं कि बाजार समिति भंग हो
मदरसा को अनुदान की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाये
पंचायतों को पूरी तरह से अधिकार दिये जायें
पतरातू में पावर प्लांट का काम तेजी से हो
हम संतुष्ट नहीं, तो सोनिया कहां से होंगी : योगेंद्र साव
राज्य के कृषि मंत्री योगेंद्र साव ने कहा कि हेमंत सोरेन की सरकार के कामकाज से हम संतुष्ट नहीं हैं, तो सोनिया गांधी और अन्य आला नेता कहां से संतुष्ट होंगे. गरीबों के काम और विकास योजनाओं को बेवजह फंसाया जाता है. श्री साव ने सोमवार को दिल्ली से लौटने के बाद एयरपोर्ट पर पत्रकारों को बताया कि पार्टी के आला नेता सरकार के कामकाज से खुश नहीं हैं. दिल्ली बैठक में संगठन को मजबूत करने पर लोगों ने अपने विचार रखे. मंगलवार को सीएम के साथ बैठक होगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




