हाजीपुर में फसल शुरू होते ही उजड़ी किसान की मेहनत, अज्ञात लोगों ने काट डाले कुंदरी के पौधे

Hajipur News: हाजीपुर में 15 कट्ठा में लगी तैयार फसल नष्ट, किसान को एक लाख रुपये से अधिक की क्षति
Hajipur News: (विनय पटेल) बेलसर थाना क्षेत्र के अफजलपुर गांव में एक युवा किसान की महीनों की मेहनत पर असामाजिक तत्वों ने पानी फेर दिया. अज्ञात लोगों ने रात के अंधेरे में खेत में लगी तैयार कुंदरी (सब्जी) की फसल को जड़ से काटकर नष्ट कर दिया. घटना के बाद किसान और उसके परिवार में मायूसी छा गई है.
तुड़ाई से पहले बर्बाद कर दी पूरी फसल
जानकारी के अनुसार अफजलपुर निवासी किसान डबलू कुमार ने लीज पर जमीन लेकर करीब 15 कट्ठा क्षेत्र में कुंदरी की खेती की थी. बेहतर उत्पादन की उम्मीद में उन्होंने बीज, खाद, सिंचाई और मजदूरी पर अच्छी-खासी राशि खर्च की थी. कई महीनों की मेहनत के बाद फसल तैयार हो चुकी थी और पौधों में कुंदरी लगनी शुरू हो गई थी.
किसान को उम्मीद थी कि अगले सप्ताह से सब्जी की तुड़ाई शुरू हो जाएगी और उन्हें मेहनत का फल मिलेगा. लेकिन बुधवार सुबह जब वह खेत पर पहुंचे तो वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। खेत में लगे सभी पौधे जड़ से कटे पड़े थे.
कर्ज लेकर की थी खेती
पीड़ित किसान डबलू कुमार ने बताया कि उन्होंने साहूकार से कर्ज लेकर लीज की जमीन पर कुंदरी की खेती की थी. अगले सप्ताह चार से पांच क्विंटल तक उत्पादन मिलने की संभावना थी। फसल तैयार करने में काफी खर्च और मेहनत लगी थी, लेकिन असामाजिक तत्वों की हरकत ने सब कुछ बर्बाद कर दिया.
एक लाख से अधिक का नुकसान
किसान के अनुसार इस घटना से उन्हें एक लाख रुपये से अधिक की आर्थिक क्षति हुई है. फसल नष्ट होने से परिवार गहरे सदमे में है. ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा पीड़ित किसान को उचित मुआवजा देने की मांग की है.
Also Read: वैशाली में विशेष समकालीन अभियान में 95 गिरफ्तारी, पुलिस ने वारंट और कुर्की मामलों का किया निष्पादन
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By विवेक पाण्डेय
विवेक रंजन पाण्डेय पिछले 8 वर्षों से टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं. उन्होंने Aryabhatta Knowledge University, Patna से BJMC की पढ़ाई की है.
उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत Network 10 टीवी चैनल से की. इसके बाद News India, News18 Digital सहित कई राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय मीडिया संस्थानों में फील्ड रिपोर्टिंग और कंटेंट राइटिंग का अनुभव प्राप्त किया.
वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल की बिहार टीम में Content Writer के रूप में कार्यरत हैं. यहां बिहार की राजनीति, चुनाव, शिक्षा, कृषि, रोजगार, सरकारी योजनाओं, सामाजिक सरोकारों और विभिन्न जिलों की महत्वपूर्ण खबरों पर तथ्यपरक और विश्वसनीय खबरें पाठकों तक पहुंचाते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










