Coronavirus in Bihar : इन सात राज्यों से आने वाले यात्री होंगे होम कोरेंटिन, एयरपोर्ट, स्टेशन और बस स्टैंड से मंगायी जा रही यात्रियों की सूची

Updated at : 20 Mar 2021 9:08 AM (IST)
विज्ञापन
Coronavirus in Bihar : इन सात राज्यों से आने वाले यात्री होंगे होम कोरेंटिन, एयरपोर्ट, स्टेशन और बस स्टैंड से मंगायी जा रही यात्रियों की सूची

महाराष्ट्र, दिल्ली, गुजरात समेत सात राज्यों से पटना आने वाले लोगों को अब होम काेरेंटिन किया जायेगा. एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर जांच बूथ बनाये गये हैं, जहां जांच भी शुरू कर दी गयी है. तीनों जगहों से यात्रियों की सूची मंगायी जा रही है.

विज्ञापन

आनंद तिवारी, पटना. महाराष्ट्र, दिल्ली, गुजरात समेत सात राज्यों से पटना आने वाले लोगों को अब होम काेरेंटिन किया जायेगा. एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर जांच बूथ बनाये गये हैं, जहां जांच भी शुरू कर दी गयी है. तीनों जगहों से यात्रियों की सूची मंगायी जा रही है.

फोन कर लोगों को 10 दिन होम कोरेंटिन होने की सलाह दी जा रही है. जिनके घर कोरेंटिन होने की व्यवस्था नहीं है, उनके लिए होटल पाटलिपुत्र अशोक में आइसोलेशन कम कोरेंटिन सेंटर की व्यवस्था है. पॉजिटिव आने वालों के संपर्क में रहने वाले 25 लोगों की जांच का भी निर्देश स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी किया गया है.

अभी बाहर से आये लोगों में नहीं मिला है कोरोना

मुंबई, दिल्ली, छत्तीसगढ़, पंजाब, केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु से आने वालों की सघन निगरानी की जा रही है. जिले के बड़े रेलवे स्टेशनों एयरपोर्ट और बस स्टैंड पर जांच बूथ बना दिये गये हैं. 10 प्रतिशत यात्रियों की एंटीजन से कोरोना जांच की जा रही है और आरटीपीसीआर जांच के लिए नमूने लिये जा रहे हैं. फिलहाल अभी तक बाहर से आये लोगों में कोरोना की पुष्टि नहीं हुई है. इससे स्वास्थ्य विभाग ने राहत की सांस ली है.

मंगायी जा रही यात्रियों की सूची

रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट व बस स्टेशन से यात्रियों की रोज सूची मंगायी जा रही है. उन्हें कंट्रोल रूम से 10 दिन तक होम कोरेंटिन रहने का सुझाव दिया जा रहा है. तीन शिफ्टों में तीन डॉक्टर, फार्मासिस्ट व करीब पांच सीनियर व जूनियर डॉक्टर, नर्स आदि की ड्यूटी लगायी गयी है.

वहीं, सिविल सर्जन डॉ विभा कुमारी ने बताया कि जिन प्रदेशों में कोरोना संक्रमण बढ़ रहा है, वहां से आने वालों को होम कोरेंटिन करने का निर्देश जारी किया गया है. सभी स्वास्थ्य केंद्रों को निर्देशित कर दिया गया है कि जो भी संक्रमित मिलें, उसके संपर्क में आने वाले करीब 20 से 25 लोगों की जांच करायी जाये. जिनमें लक्षण दिखें, उनकी आरटीपीसीआर जांच की जायेगी.

पटना जिले में 4707 लोगों की जांच, 25 संक्रमित

राजधानी में कोरोना के आंकड़े फिर तेज होने लगे हैं. हालांकि अन्य राज्यों की तुलना में पटना जिले में मरीज काफी कम मिल रहे हैं, लेकिन आये दिन मरीज पॉजिटिव मिलने से लोग चिंतित हैं. शुक्रवार को पटना जिले में 4707 लोगों की जांच करायी गयी, जिसमें 25 मरीज पॉजिटिव मरीज मिले हैं. सबसे अधिक पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मरीज पॉजिटिव मिले हैं.

शुक्रवार को 1045 लोगों की आरटीपीसीआर से जांच करायी गयी. जिसमें सात लोग पॉजिटिव मिले. इनमें एक मुंगेर के हैं. इनके अलावा पटना के कदमकुआं, मखनियाकुआं, पुनपुन, हनुमान नगर के रहने वाले हैं. वहीं, एक मरीज लखीसराय व एक मधुबनी जिले का निवासी है. इसके अलावा 115 लोगों की एंटीजन किट से जांच की गयी, जिसमें एक पॉजिटिव मिला. इधर स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों में अलर्ट जारी किया है.

डीएम ने किया औचक निरीक्षण

शहर के न्यू गार्डिनर अस्पताल एवं पाटलिपुत्र अशोक में संचालित टेस्टिंग की देखरेख को लेकर शुक्रवार को जिला अधिकारी डॉ चंद्रशेखर सिंह ने औचक निरीक्षण किया. डीएम ने सेंटर पर जांच में तेजी लाने का निर्देश दिया. उन्होंने सिविल सर्जन पटना को सेशन साइट का नियमित निरीक्षण कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.

बिना मास्क घूमते मिले तो देना होगा जुर्माना आज से चलेगा अभियान

कोरोना के बढ़ते मामले को देखते हुए अब मास्क अनिवार्य का दिया गया है. इतना ही नहीं अगर बिना मास्क सड़क पर घूमते पकड़े गये तो जुर्माना भी देना होगा. प्रमंडलीय आयुक्त संजय अग्रवाल ने पटना डीएम को बैठक में यह निर्देश दिया. इसके बाद जिलाधिकारी डॉ चंद्रशेखर सिंह ने टीम गठित कर चेकिंग अभियान चलाने का आदेश जारी कर दिया है.

डीएम ने लोगों को मास्क का प्रयोग करने, सैनिटाइजर का नियमित उपयोग करने, सामाजिक दूरी का पालन करने की अपील की है. अधिकारियों के मुताबिक टीम का विशेष ध्यान शहर की दवा मंडी गोविंद मित्रा, गांधी मैदान, कंकड़बाग, राजाबाजार, पाटलिपुत्र गोलंबर, इन्कम टैक्स, डाकबंगला चौराहा समेत प्रमुख जगहों से आने-जाने वाले लोगों पर रहेगा.

Posted by Ashish Jha

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन