ePaper

भागलपुर में एयरपोर्ट के पीछे चोरों ने घर में घुसकर हाथ किया साफ, मंदिर को भी नहीं छोड़ा

Updated at : 18 Feb 2025 9:34 PM (IST)
विज्ञापन
फाइल फोटो

फाइल फोटो

भागलपुर: सोमवार रात से लेकर मंगलवार सुबह तक भागलपुर शहरी क्षेत्र में चोरी की दो वारदात हुई. चोरों ने भगवान को भी नहीं छोड़ा है.

विज्ञापन

आगामी प्रधानमंत्री के भागलपुर आगमन को लेकर भागलपुर पुलिस की ओर से विशेष चौकसी बरती जा रही है. पर शहर में बढ़ती चाेरी की वारदातों को देख यह लग रहा है कि यह चौकसी महज मुख्य सड़कों तक ही सिमित है. सोमवार रात से लेकर मंगलवार सुबह तक भागलपुर शहरी क्षेत्र में चोरी की दो वारदात हुई. एक वारदात तो हवाई अड्डा जो कि प्रधानमंत्री का कार्यक्रम स्थल है उससे कुछ ही मीटर की दूरी पर है. दोनों ही मामले संज्ञान में आने के बाद पुलिस ने अपनी ओर से मामले की जांच शुरू कर दी है. दोनों ही मामलों में पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगालने की बात कही.

घर में घुसे चोर ने उड़ाया मोबाइल व नकद

इशाकचक थाना क्षेत्र के न्यू विक्रमशिला कॉलोनी स्थित प्राणवती लेन निवासी सूरज कुमार यादव के घर मंगलवार तड़के सुबह चोर घर में घुस गये. चोरों ने घर से मोबाइल फोन और कुछ नकद रुपये चोरी कर लिया. इससे पहले चोर कुछ और चोरी करते घर के लोगों की आंखें खुल गयी. लोगों ने शोर मचाया तो चोर घर से भाग निकले. घटना मंगलवार सुबह तीन से साढ़े तीन के बीच की बतायी जा रही है. सूरज कुमार यादव ने बताया कि चोर उनके घर के बाहरी दीवार पर बांस की सीढ़ी लगा छत के रास्ते घर में घुसे थे. जैसे ही उन लोगों की नींद खुली चोर घर का गेट खोल भाग निकले, वहीं उनकी बांस की सीढ़ी वहीं छूट गयी. उन्होंने देर रात ही डायल 112 को बुलाकर इसकी जानकारी दी. जिसके बाद मंगलवार सुबह इशाकचक थाना पहुंच कर मामले से संबंधित आवेदन दिया. जिसके आधार पर पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है.

सूरज ने बताया कि विगत 19 नवंबर 2024 को भी उनके घर के बाहर खड़ी उसकी टोटो से चोरों ने हजारों रुपये की बेटरी चोरी कर ली थी. उस मामले में भी उन्होंने केस दर्ज कराया था. पर न तो बैटरी की बरामदगी हुई और न ही चोरों का कुछ पता चला. सूरज ने बताया कि अगर पुलिस ने पिछले केस में कार्रवाई की होती तो शायद इस तरह की घटना नहीं होती.

संकट मोचन मंदिर की दान पेटी तोड़ उड़ाये 7-8 हजार रुपये

जोगसर थाना क्षेत्र के लाजपत पार्क के समीप संकट मोचन हनुमान मंदिर में रखी दानपेटी को तोड़ चोरों ने उसमें रखे पैसे चोरी कर लिये. इस बात की जानकारी लोगों को मंगलवार सुबह करीब 6 बजे हुई. जब मंदिर के प्रबंधक संजय कुमार तिवारी मंदिर पहुंचे. वहां उन्होंने पाया कि मंदिर के ग्रिल के बने गेट पर लगी दानपेटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त है. और उसमें रखे करीब 7-8 हजार रुपये गायब हैं. मंदिर की दानपेटी से हुई चोरी की खबर सुनकर वहां लोगों की भीड़ जमा हो गयी. घटना की जानकारी पाकर जोगसर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर केएनके सिंह भी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच की. इधर मामले में मंदिर प्रबंधक संजय कुमार तिवारी सहित राजेश कुमार, निर्मल कुमार सहित अन्य लोगों द्वारा हस्ताक्षरित आवेदन जोगसर थाना को दिया गया. मामले में पुलिस पदाधिकारियों ने कार्रवाई करने की बात कही.

इसे भी पढ़ें: पटना में बैठक के बाद बड़ा फैसला, आरसी में मोबाइल नंबर अपडेट नहीं कराया, तो गाड़ी का रजिस्ट्रेशन होगा रद्द

विज्ञापन
Prashant Tiwari

लेखक के बारे में

By Prashant Tiwari

प्रशांत तिवारी डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत पंजाब केसरी से करके राजस्थान पत्रिका होते हुए फिलहाल प्रभात खबर डिजिटल के बिहार टीम तक पहुंचे हैं, देश और राज्य की राजनीति में गहरी दिलचस्पी रखते हैं. साथ ही अभी पत्रकारिता की बारीकियों को सीखने में जुटे हुए हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन