8 लाख का वाटर एटीएम बना शोपीस, 10 दिनों से बंद : भीषण गर्मी में शुद्ध पेयजल के लिए परेशान लोग

Updated:
विज्ञापन
8 लाख का वाटर एटीएम बना शोपीस, 10 दिनों से बंद : भीषण गर्मी में शुद्ध पेयजल के लिए परेशान लोग

Veerpur Water ATM Closed: सुपौल के वीरपुर नगर पंचायत में करीब 8 लाख रुपये की लागत से स्थापित वाटर एटीएम पिछले 10 दिनों से बंद है. भीषण गर्मी में शुद्ध पेयजल नहीं मिलने से लोगों में नाराजगी है. नगर पंचायत ने जल्द मरम्मत का आश्वासन दिया है.

विज्ञापन

वीरपुर (सुपौल) से प्रमोद कुमार की रिपोर्ट:

Veerpur Water ATM Closed: भीषण गर्मी के बीच लोगों को शुद्ध एवं शीतल पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर पंचायत वीरपुर के वार्ड संख्या-13 स्थित चकबंदी चौक पर करीब 8 लाख रुपये की लागत से स्थापित वाटर एटीएम पिछले 10 दिनों से बंद पड़ा है. मशीन खराब रहने से राहगीरों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. इसे लेकर नगर पंचायत प्रशासन के प्रति लोगों में नाराजगी भी बढ़ रही है.

उद्घाटन के बाद बार-बार खराब हो रही मशीन

स्थानीय नागरिक गुड्डू गुप्ता, राजन गुप्ता, सुमन गुप्ता, गौतम गुप्ता, भोला गुप्ता, सुशील गुप्ता, हीरा प्रसाद गुप्ता एवं प्रेम गुप्ता सहित अन्य लोगों ने बताया कि बड़े तामझाम के साथ वाटर एटीएम का उद्घाटन किया गया था. उनका आरोप है कि उद्घाटन के दिन एक बार चलने के बाद मशीन बंद हो गई थी. बाद में मरम्मत के बाद यह करीब एक महीने तक सुचारु रूप से चली, लेकिन पिछले 10 दिनों से फिर पूरी तरह बंद पड़ी है.

गर्मी में खत्म हो गया योजना का उद्देश्य

स्थानीय लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी में जब शुद्ध पेयजल की सबसे अधिक आवश्यकता होती है, उसी समय मशीन बंद रहने से लाखों रुपये खर्च कर इसे लगाने का उद्देश्य ही समाप्त हो जाता है. लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन से अविलंब मरम्मत कराकर इसे चालू कराने की मांग की है.

मुख्य पार्षद बोले- जल्द होगी मरम्मत

नगर पंचायत के मुख्य पार्षद सुशील कुमार ने बताया कि मशीन खराब होने की जानकारी उन्हें मिल चुकी है. उन्होंने कहा कि स्थानीय तकनीशियन से इसकी मरम्मत कराना उचित नहीं होगा, क्योंकि इससे मशीन को और नुकसान पहुंच सकता है. जिला मुख्यालय के तकनीशियन से संपर्क किया गया है और एक-दो दिनों के भीतर मशीन को ठीक कर संचालित कर दिया जाएगा.

उपमुख्य पार्षद ने उठाए रखरखाव और गुणवत्ता पर सवाल

उपमुख्य पार्षद रिम दास ने कहा कि नगर पंचायत के व्हाट्सएप समूह में लगातार मशीन बंद रहने की शिकायतें मिल रही हैं. उन्होंने कहा कि जिस कंपनी ने वाटर एटीएम लगाया है, उसके जिम्मे ही मशीन का रखरखाव और मेंटेनेंस होना चाहिए. ऐसे में संबंधित कंपनी से समय पर मरम्मत क्यों नहीं कराई जा रही है, यह सवाल खड़ा होता है.

उन्होंने यह भी कहा कि यदि लाखों रुपये की लागत से मशीन स्थापित की गई है तो उसके संचालन और रखरखाव की समुचित व्यवस्था भी सुनिश्चित की जानी चाहिए. साथ ही उन्होंने खरीद प्रक्रिया और मशीन की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए.

स्थानीय लोगों की प्रमुख मांगें

  1. बंद पड़े वाटर एटीएम की तत्काल मरम्मत कराई जाए.
  2. मशीन के नियमित रखरखाव की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए.
  3. गर्मी के मौसम में लोगों को निर्बाध शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाए.

फिलहाल, भीषण गर्मी के बीच बंद पड़े वाटर एटीएम को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है. अब लोगों की निगाहें नगर पंचायत प्रशासन पर टिकी हैं कि यह सुविधा दोबारा कब तक बहाल हो पाती है.

और पढ़ें: मोहर्रम मेले में चाकूबाजी : दो युवक घायल, एक की हालत गंभीर, पूर्णिया रेफर

विज्ञापन
Shruti Kumari

लेखक के बारे में

By Shruti Kumari

श्रुति कुमारी एक पत्रकार और डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से अंग्रेजी पत्रकारिता में स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्राप्त किया है। वर्तमान में वे प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें विभिन्न प्लाटफॉर्म्स पर डिजिटल पत्रकारिता और कंटेंट राइटिंग का लगभग दो वर्षों का अनुभव है। सामाजिक मुद्दों, महिला सशक्तिकरण, राजनीति, शिक्षा और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लिखना उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है। इसके अलावा वे डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए स्क्रिप्ट राइटिंग करती हैं तथा हिंदी कविता और अंगिका भाषा में लेखन का भी शौक रखती हैं। प्रकृति से उनका विशेष लगाव है और वे मानती हैं कि संवेदनशील, तथ्यपरक और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बन सकती है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन