अनियंत्रित होकर नहर में गिरी कार, पानी में डूबने से कार सवार युवक की मौत

मोबाइल छूट गया था. जिसके बाद देर रात्रि में वो अपना मोबाइल लेने जा रहा था इसी क्रम में यह हादसा हुआ
राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत धरहरा स्थित एक नहर पुल के समीप सोमवार की देर रात एक कार अनियंत्रित होकर पुल से नीचे नहर में जा गिरी. इस हादसे में कार सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गयी. मृतक की पहचान प्रतापगंज थाना क्षेत्र के तीनटोलिया निवासी 24 वर्षीय रामनारायण कुमार के रूप में की गई. घटना को लेकर जानकारी देते मृतक के भाई दिलीप यादव ने बताया कि राम नारायण देर रात अपनी कार से कहीं जा रहा था. जैसे ही वह धरहरा के समीप नहर पुल पर पहुंचा, कार अचानक नियंत्रण खो बैठी और सीधे रेलिंग विहीन पुल से नीचे नहर में गिर गई. इस हादसे में राम नारायण की जान चली गयी. बताया कि राम नारायण कहीं बाहर गया हुआ था, जहां उसका मोबाइल छूट गया था. जिसके बाद देर रात्रि में वो अपना मोबाइल लेने जा रहा था इसी क्रम में यह हादसा हुआ. नहर में पानी का स्तर काफी ऊंचा था, जिससे कार पूरी तरह डूब गई. मौके पर मौजूद लोगों ने घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी. लेकिन जब तक राहत कार्य शुरू होता, रामनारायण की जान जा चुकी थी. घटना की सूचना मिलते ही राघोपुर पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से कार को बाहर निकाला और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेज दिया. इधर जैसे ही इस घटना की खबर मृतक के परिजनों को मिली, परिवार में मातम पसर गया. वहीं इस दर्दनाक हादसे के बाद स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश देखने को मिला. ग्रामीणों का कहना था कि नहर पुल पर रेलिंग नहीं होने की वजह से इस तरह की घटनाएं बार-बार हो रही है. प्रशासन को इस ओर ध्यान देना चाहिए और पुल पर सुरक्षा इंतजाम किए जाने चाहिए. ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके. राम नारायण की असामयिक मौत से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. परिजनों में कोहराम मच गया है और गांव में शोक का माहौल है. मामले को लेकर थानाध्यक्ष नवीन कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. आगे की कार्यवाही की जा रही है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




