सुपौल जिले में राइस मिल की दो ट्रकों ने रातभर रोकी सड़क, आवागमन ठप होने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश
Published by : Pratyush Prashant Updated At : 02 Jun 2026 10:00 AM
राइस मिल की दो ट्रकों ने रोकी पूरी सड़क
Supaul News: सड़क के बीच खड़ी दो ट्रकों ने पूरे इलाके की रफ्तार रोक दी. रात 9 बजे से जाम में फंसे ग्रामीणों का धैर्य जवाब देने लगा है. लोगों का आरोप है कि प्रशासन और राइस मिल प्रबंधन की लापरवाही का खामियाजा आम जनता भुगत रही है.
कटैया-निर्मली (सुपौल) से इंद्रभूषण की रिपोर्ट.
Supaul News: सुपौल जिले के पिपरा थाना क्षेत्र में मंगलवार रात से एक ग्रामीण सड़क पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है. सुपौल-पिपरा मुख्य मार्ग से निर्मली होते हुए हरदी दुर्गा स्थान जाने वाली सड़क पर राइस मिल से जुड़ी दो ट्रकों के बीच सड़क पर खड़े रहने के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार रात करीब 9 बजे से दोनों ट्रक सड़क के बीचों-बीच खड़ी हैं. ट्रक चालक वाहन छोड़कर चले गए हैं, जिसके कारण सड़क पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया है. हालात इतने खराब हैं कि दोपहिया वाहन चालकों को भी निकलने में कठिनाई हो रही है.
रातभर जाम से परेशान रहे लोग
ग्रामीणों का कहना है कि यह सड़क आसपास के कई गांवों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है. सड़क अवरुद्ध होने से लोगों को अस्पताल, बाजार और अन्य जरूरी कार्यों के लिए आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि न तो राइस मिल संचालक इस मामले में कोई जिम्मेदारी ले रहे हैं और न ही ट्रक चालकों की ओर से वाहन हटाने की कोई कोशिश की गई है. इससे लोगों में नाराजगी लगातार बढ़ रही है.
प्रशासन की कार्यशैली पर उठे सवाल
घटना को लेकर ग्रामीणों ने प्रशासन पर भी सवाल खड़े किए हैं. उनका कहना है कि यदि किसी दुर्घटना या मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम किया जाता है तो प्रशासन तत्काल मौके पर पहुंच जाता है. लेकिन रात से सड़क अवरुद्ध रहने के बावजूद कार्रवाई में देरी लोगों को खटक रही है.
ग्रामीणों का कहना है कि आम जनता की परेशानी को देखते हुए प्रशासन को तुरंत हस्तक्षेप करना चाहिए था.
पुलिस पहुंची मौके पर, बहाली का प्रयास जारी
पिपरा थाना के थानाध्यक्ष राजेश कुमार झा ने बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया है. पुलिस सड़क से ट्रकों को हटाकर यातायात बहाल कराने में जुटी हुई है.
ग्रामीणों ने मांग की है कि सड़क जाम करने के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो. लोगों का कहना है कि राइस मिल संचालकों और ट्रक चालकों की लापरवाही से आम नागरिकों को होने वाली परेशानी अब स्वीकार्य नहीं है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pratyush Prashant
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










