सुपौल में NH-27 पर लूट का विरोध पड़ा भारी, बाइक बचाने की कोशिश में युवक को मारी गोली

Published by : Pratyush Prashant Updated At : 05 Jun 2026 9:32 AM

विज्ञापन

सांकेतिक तस्वीर

Supaul Crime News: मोबाइल छीनने के बाद बाइक लूटने लगे अपराधी, विरोध करते ही युवक पर झोंक दी गोली

विज्ञापन

प्रतापगंज (सुपौल) से सरोज कुमार महतो की रिपोर्ट.

Supaul Crime News: सुपौल जिले में अपराधियों के बढ़ते हौसले एक बार फिर सामने आए हैं. गुरुवार रात एनएच-27 पर बाइक और मोबाइल लूटने का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया. तीन बदमाशों ने पहले युवक का मोबाइल छीना और फिर बाइक लूटने का प्रयास किया. जब युवक ने विरोध किया तो अपराधियों ने उसे गोली मार दी. गंभीर रूप से घायल युवक का इलाज चल रहा है, जबकि घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.

सुनसान सड़क पर बदमाशों ने घेरा

जानकारी के अनुसार अरड़रहा वार्ड संख्या 15 निवासी 28 वर्षीय अमित कुमार गुरुवार रात फिगलासं चकला से कुसहा की ओर जा रहे थे. इसी दौरान एनएच-27 स्थित बांस चौक के समीप तीन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया. अपराधियों ने पहले उनका मोबाइल फोन छीन लिया और इसके बाद बाइक लूटने की कोशिश करने लगे.

विरोध करते ही चला दी गोली

अमित कुमार ने जब बाइक छीनने का विरोध किया तो बदमाशों ने गोली चला दी. गोली उनके शरीर के बाएं हिस्से में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद तीनों अपराधी मौके से फरार हो गए. कुछ देर बाद स्थानीय लोगों की नजर घायल युवक पर पड़ी और उसे तत्काल राघोपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया.

प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल रेफर

राघोपुर रेफरल अस्पताल में चिकित्सकों ने घायल युवक का प्राथमिक उपचार किया. स्थिति गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे सुपौल सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया. अस्पताल में इलाज के दौरान युवक ने पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी.

पुलिस ने शुरू की छानबीन

घटना की सूचना मिलते ही राघोपुर थाना पुलिस और गश्ती दल मौके पर पहुंच गया. पुलिस घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और अपराधियों की पहचान में जुटी है. घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है.

जल्द गिरफ्तारी का दावा

प्रतापगंज थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही घटना में शामिल बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

बढ़ती वारदातों से लोगों में आक्रोश

एनएच-27 पर हुई इस गोलीबारी की घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय और नाराजगी का माहौल है. लोगों का कहना है कि रात के समय अपराधियों का आतंक बढ़ता जा रहा है. उन्होंने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है.

Also Read: गोपालगंज के लालाछापर कांड के मुख्य आरोपी के पता बताने पर दिया जाएगा लाखों का इनाम

विज्ञापन
Pratyush Prashant

लेखक के बारे में

By Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन