ठंडा पेय पीते ही एक ही परिवार के चार लोगों की बिगड़ी तबीयत, दो सगी बहनें हुईं बेहोश

Published by :Shruti Kumari
Published at :08 May 2026 3:52 PM (IST)
विज्ञापन
ठंडा पेय पीते ही एक ही परिवार के चार लोगों की बिगड़ी तबीयत, दो सगी बहनें हुईं बेहोश

अस्पताल में इलाजरत ठंडा पेय पीने से बीमार मरीज

घटना में दो सगी बहनें बेहोश हो गईं, जबकि उनके पिता एवं एक छह वर्षीय बच्चे को भी उल्टी, चक्कर और बेचैनी की शिकायत होने लगी. घटना के बाद परिवार सहित पूरे इलाके में हड़कंप मच गया

विज्ञापन

जदिया (सुपौल) से उमेश कुमार की रिपोर्ट:

सुपौल: कोरियापट्टी पूरब पंचायत के वार्ड संख्या नौ में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ठंडा पेय पदार्थ पीने के बाद एक ही परिवार के चार लोगों की अचानक तबीयत बिगड़ गई. घटना में दो सगी बहनें बेहोश हो गईं, जबकि उनके पिता एवं एक छह वर्षीय बच्चे को भी उल्टी, चक्कर और बेचैनी की शिकायत होने लगी. घटना के बाद परिवार सहित पूरे इलाके में हड़कंप मच गया.

जानकारी के अनुसार 14 वर्षीय प्रीति कुमारी एवं 13 वर्षीय प्रिया कुमारी को बेहोशी की हालत में आनन-फानन में अनुमंडलीय अस्पताल त्रिवेणीगंज में भर्ती कराया गया. अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. निखिल आर्या एवं डॉ. प्राची कश्यप ने दोनों बच्चियों का तत्काल इलाज शुरू किया. चिकित्सकों की निगरानी में दोनों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.

घटना के संबंध में बच्चियों की दादी 60 वर्षीय मासोमात माला देवी ने बताया कि उनके पुत्र टीपू मंडल कोरियापट्टी पंचायत में कचरा उठाने का कार्य करते हैं. शुक्रवार की सुबह काम से लौटने के दौरान वह अपने साथ दो छोटे ठंडा पेय पदार्थ (फ्रूटी के डब्बे) लेकर घर पहुंचे थे. घर में उन्होंने स्वयं के साथ अपनी दोनों पुत्रियों एवं छह वर्षीय भतीजा छोटू कुमार को वह पेय पदार्थ पिलाया.

परिजनों के अनुसार पेय पदार्थ पीने के कुछ ही देर बाद चारों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी. पहले चक्कर और घबराहट हुई, फिर उल्टी शुरू हो गई. कुछ देर बाद दोनों बच्चियां बेहोश होकर गिर पड़ीं. यह देख घर में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए. ग्रामीणों की मदद से दोनों बच्चियों को तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया.

मासोमात माला देवी ने बताया कि बच्चियों के पिता टीपू मंडल एवं छोटू कुमार का इलाज फिलहाल कोरियापट्टी में ही कराया जा रहा है. उन्होंने बताया कि छोटू कुमार पहले से ही मानसिक रूप से थोड़ा अस्वस्थ है.

घटना के बाद गांव में ठंडा पेय पदार्थ को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. स्थानीय लोग मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.

इधर चिकित्सकों ने बताया कि इलाज के बाद सभी की हालत में सुधार है तथा सभी खतरे से बाहर हैं. अस्पताल सूत्रों के अनुसार दोनों बच्चियों की स्थिति अब सामान्य बनी हुई है.

विज्ञापन
Shruti Kumari

लेखक के बारे में

By Shruti Kumari

Shruti Kumari is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन