शार्ट सर्किट से लगी आग में सात घर जले
Published by : RAJEEV KUMAR JHA Updated At : 31 Jan 2026 6:22 PM
नकदी समेत लाखों की संपत्ति राख
– नकदी समेत लाखों की संपत्ति राख प्रतापगंज. थाना क्षेत्र के गोविंदपुर पंचायत के वार्ड नंबर 03 स्थित नररी मंडल टोला में शुक्रवार की शाम आग लग गयी. जिसमें पांच परिवार के सात घर सहित दो लाख बीस हजार नकद, जेवरात सहित घर का सारा सामान जलकर राख हो गया. आग की चपेट में सात बकरियों की मौत हो गयी. एक ऑटो भी जल गया. आग लगने का कारण शार्ट सर्किट से उठी चिंगारी को बताया जा रहा है. शार्ट सर्किट से उठी चिंगारी ने सबसे पहले नित्यानंद मंडल के दक्षिणी भाग के मकान को अपने आगोश में लिया. आग की लपटें देख लोग हल्ला मचाने लगे. शाम होने के कारण अधिकतर लोग घर पर ही थे. आग बुझाने का प्रयास लोगों ने किया, लेकिन देखते देखते ही नित्यानंद मंडल का एक, सत्यनारायण मंडल का तीन, जगदीश मंडल का एक, अनिल मंडल का एक, सुनील मंडल का एक घर सहित दो लाख बीस हजार नकदी, चांदी के जेवरात, जमीन संबंधी कागजात और घर का सारा सामान जलकर राख हो गया. आग लगने की सूचना थाना को दी गयी. लोगों ने बताया कि जब तक दमकल घटना स्थल पर आयी तब तक आग ने सभी परिवारों के अशियाना समेत सारा सामान को जला डाला था. आग के तांडव में सबसे अधिक नुकसान सत्यनारायण मंडल का हुआ. जिनका एक लाख 60 हजार नकदी सहित सारा सामान आग की भेंट चढ़ गया. सुनील मंडल का ऑटो आग की भेंट चढ गया. गमगीन सुनील बताते हैं कि उसने ऑटो ऋण पर लेकर अपनी रोजी रोटी चला रहा था. उसके सामने किस्त अदा करने की भी समस्या खड़ी हो गई है. आग के तांडव में नित्यानंद मंडल की घर बंधी 07 बकरियां भी जल कर मर गई. घटना की रात ही आग की सूचना सीओ आशु रंजन को दी गई. सीओ आशुरंजन शनिवार की सुबह कर्मचारी के साथ घटना स्थल पहुंच कर नुकसान का जायज लिया. उन्होंने पीड़ित परिवारों को तत्काल प्लास्टिक मुहैया करवाया. सीओ के अनुसार घटना की विस्तृत जांच पूरी कर पीड़ित परिवारों को आपदा नियमों के तहत सरकारी सहायता शीघ्र दे दी जायेगी. अग्नि पीड़ितों को पूर्व रमेश प्रसाद यादव, ललन मंडल, माधव मंडल ने ढांढस बंधाया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










