वीरपुर में जलजमाव से मिलेगी राहत, आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम के लिए शुरू हुआ विशेष सर्वे

निरीक्षण करते अधिकारी | Prabhat Khabar Network
Supaul News: सुपौल के वीरपुर नगर पंचायत में जलजमाव की गंभीर समस्या के स्थायी समाधान के लिए नगर प्रशासन ने कमर कस ली है. आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम विकसित करने के उद्देश्य से विशेष सर्वे शुरू किया गया है.
Supaul News: सुपौल जिले के वीरपुर नगर पंचायत क्षेत्र में वर्षों से चली आ रही जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में नगर प्रशासन ने बड़ी पहल शुरू की है. शहर की जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए विशेष सर्वे कराया जा रहा है. इस योजना के तहत छोटे और बड़े नालों को आपस में जोड़कर आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम विकसित किया जाएगा, ताकि बारिश का पानी कम समय में शहर से बाहर निकाला जा सके.
छोटे-बड़े नालों को जोड़ने की तैयारी
नगर प्रशासन के अनुसार, सर्वे के दौरान शहर के सभी प्रमुख और छोटे नालों का तकनीकी आकलन किया जा रहा है. योजना के तहत छोटे नालों को मुख्य नालों से जोड़ा जाएगा. साथ ही चिन्हित स्थानों पर पम्पिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे, जहां से पानी बड़े नालों तक पहुंचाकर शहर से बाहर निकाला जाएगा.
डीपीआर का हो रहा क्रॉस वेरिफिकेशन
नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी देवर्षि रंजन ने बताया कि करीब सात माह पहले सरकार ने इस परियोजना के लिए एक निजी एजेंसी का चयन किया था. एजेंसी को मुख्य नालों को जोड़ने, पम्पिंग स्टेशन की योजना तैयार करने और नालों के पानी का उपचार (ट्रीटमेंट) कर नदी में डिस्चार्ज करने की व्यवस्था विकसित करने की जिम्मेदारी दी गई है.
उन्होंने बताया कि फिलहाल डीपीआर के अनुसार प्रस्तावित नाला चैनल का क्रॉस वेरिफिकेशन किया जा रहा है, ताकि सभी तकनीकी मानकों की जांच पूरी हो सके. रिपोर्ट को अंतिम स्वीकृति मिलने के बाद परियोजना के क्रियान्वयन की प्रक्रिया शुरू होगी.
Supaul News: निरीक्षण में कई अधिकारी रहे मौजूद
सर्वे और निरीक्षण के दौरान नगर पंचायत की स्वच्छता पदाधिकारी शालू सिंह, नगर विकास विभाग के एसडीओ सैफ अली, जूनियर इंजीनियर सत्यम कुमार सहित नगर पंचायत के अन्य अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे.
बरसात में जलभराव से मिलेगी राहत
नगरवासियों को उम्मीद है कि परियोजना पूरी होने के बाद बरसात के दौरान होने वाले जलभराव से काफी हद तक राहत मिलेगी. इससे न केवल आवागमन आसान होगा, बल्कि शहर की स्वच्छता और जल निकासी व्यवस्था में भी बड़ा सुधार देखने को मिलेगा.
Also Read: भागलपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगा गंगाजल: 15 करोड़ की लागत से बिछेगी पाइपलाइन, अगले महीने होगा काम
Also Read: बिहार के इन 17 जिलों में आज गरज-चमक के साथ होगी भारी बारिश, IMD ने जारी किया डबल अलर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By राजीव कुमार झा
राजीव कुमार झा प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 02 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत हिन्दुस्तान से की. अभी प्रभात खबर ब्यूरोचीफ के पद पर सुपौल में काम कर रहे हैं. शिक्षा, कला-संस्कृति, सामाजिक कार्य व सिनेमा में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










