भूमि विवाद में युवक की मौत से भड़का गुस्सा, सुपौल में 7 घंटे सड़क जाम, SP के आश्वासन पर खुला रास्ता

आक्रोशित लोगों से बात करते एसपी | Prabhat Khabar Network
Supaul News: सुपौल जिले के सदर थाना क्षेत्र में भूमि विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक 20 वर्षीय युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने करीब सात घंटे तक सड़क जाम कर प्रदर्शन किया।
Supaul News: सुपौल जिले के सदर थाना क्षेत्र में भूमि विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. सुखपुर सोल्हनी पंचायत के सोल्हनी वार्ड संख्या-17 में हुए खूनी संघर्ष में गंभीर रूप से घायल 20 वर्षीय युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई. घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. आक्रोशित लोगों ने कर्णपुर-नवहट्टा मुख्य सड़क को करीब सात घंटे तक जाम कर प्रदर्शन किया. पुलिस अधीक्षक के मौके पर पहुंचकर कार्रवाई के आश्वासन देने के बाद जाम समाप्त हुआ.
भूमि विवाद में घायल युवक ने इलाज के दौरान तोड़ा दम
जानकारी के अनुसार, सोल्हनी वार्ड संख्या-17 निवासी 20 वर्षीय नीतीश कुमार भूमि विवाद को लेकर हुए विवाद में गंभीर रूप से घायल हो गया था. आरोप है कि उस पर धारदार हथियार से हमला किया गया, जिससे उसके सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं. स्थानीय लोगों की मदद से पहले उसे सदर अस्पताल पहुंचाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए दरभंगा रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
मौत की खबर मिलते ही 7 घंटे तक सड़क जाम
युवक की मौत की सूचना गांव पहुंचते ही परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए. बड़ी संख्या में लोगों ने कर्णपुर-नवहट्टा मुख्य सड़क को करीब सात घंटे तक जाम कर प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की. सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यात्रियों को घंटों परेशानी झेलनी पड़ी.
Supaul News: पुलिस अधीक्षक पहुंचे मौके पर, कार्रवाई का दिया भरोसा
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस और जिले के वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे. बाद में पुलिस अधीक्षक शरथ आर एस भी घटनास्थल पहुंचे और पीड़ित परिवार व ग्रामीणों से बातचीत की. उन्होंने निष्पक्ष जांच और त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया और यातायात सामान्य हो सका.
एक आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
पुलिस अधीक्षक शरथ आर एस ने बताया कि हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच जारी है तथा किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा.
इलाके में पुलिस बल तैनात
घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है. पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है. वहीं मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
Also Read: भागलपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगा गंगाजल: 15 करोड़ की लागत से बिछेगी पाइपलाइन, अगले महीने होगा काम
Also Read: बिहार के इन 17 जिलों में आज गरज-चमक के साथ होगी भारी बारिश, IMD ने जारी किया डबल अलर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By राजीव कुमार झा
राजीव कुमार झा प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 02 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत हिन्दुस्तान से की. अभी प्रभात खबर ब्यूरोचीफ के पद पर सुपौल में काम कर रहे हैं. शिक्षा, कला-संस्कृति, सामाजिक कार्य व सिनेमा में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










