आठ वर्ष पुराने भूमि विवाद में युवक की निर्मम हत्या, धारदार हथियार से काटा हाथ
एम्बुलेंस के समीप लोगों की भीड़ | Prabhat Khabar Network
सुपौल में पुरानी जमीन विवाद के चलते 16 लोगों ने युवक पर जानलेवा हमला कर उसका हाथ काट दिया। युवक की हालत नाजुक, पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
सुपौल. सदर थाना क्षेत्र के सुखपुर-सोल्हनी पंचायत अंतर्गत सोल्हनी वार्ड संख्या-17 में शुक्रवार को 20 वर्षीय नीतीश कुमार पर कथित रूप से 15 से 16 लोगों ने धारदार हथियारों से हमला कर दिया. हमले में उसका दाहिना हाथ शरीर से अलग हो गया, जबकि सिर पर भी कई गंभीर वार किए गए. गंभीर रूप से घायल युवक को बचाने की हर कोशिश नाकाम रही और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
आपके शहर में
सदर अस्पताल से रेफर, निजी अस्पताल में हुई मौत
घटना के बाद परिजन और ग्रामीण खून से लथपथ नीतीश को सदर अस्पताल लेकर पहुंचे. वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डीएमसीएच, दरभंगा रेफर कर दिया. इसके बाद परिजन उसे एक निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पिता ने भूमि विवाद में हमला करने का लगाया आरोप
मृतक के पिता रामबहादुर यादव ने बताया कि पड़ोसी रविंद्र यादव के साथ करीब दो कट्ठा जमीन को लेकर पिछले आठ वर्षों से विवाद चल रहा है. उनके अनुसार, शुक्रवार दोपहर नीतीश कुमार नुनुपट्टी से साइकिल से घर लौट रहा था. जैसे ही वह रविंद्र यादव के घर के समीप पहुंचा, पहले से घात लगाए बैठे 15-16 लोगों ने उसे चारों ओर से घेर लिया और दबिया, कुदाल सहित अन्य धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. हमलावर उसे मरणासन्न अवस्था में छोड़कर फरार हो गए.
घटनास्थल पर मचा कोहराम
शोर सुनकर जब परिजन मौके पर पहुंचे तो नीतीश खून से लथपथ पड़ा था. उसका दाहिना हाथ शरीर से अलग हो चुका था और सिर पर गहरे जख्म थे. यह दृश्य देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई.
पुलिस ने शुरू की जांच, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और पीड़ित परिवार से पूछताछ कर मामले की जांच शुरू कर दी. सदर थानाध्यक्ष रामसेवक रावत ने बताया कि भूमि विवाद में युवक की हत्या की सूचना मिली है. मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. घटना में शामिल सभी आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
गांव में तनाव, पुलिस की निगरानी
इस हृदयविदारक घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा है. वहीं गांव में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए पुलिस लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है.
ALSO READ : सुपौल के परसरमा में मासूम की हत्या, DIG ने पीड़ित परिवार से मिलकर दिया सख्त कार्रवाई का भरोसा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए