राघोपुर तक मेमू स्पेशल विस्तार की मांग तेज, सावन से पहले निर्णय की उठी मांग

डीआरएम को ज्ञापन सौंपते स्थानीय लोग | Prabhat Khabar Network
सावन माह से पहले सरायगढ़-देवघर मेमू स्पेशल ट्रेन को राघोपुर तक बढ़ाने की मांग तेज हो गई है। इससे हजारों श्रद्धालुओं और यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
राघोपुर (सुपौल). स्थानीय समाजसेवियों एवं रेल यात्रियों ने बताया कि गत 10 मई को राघोपुर स्टेशन के निरीक्षण के दौरान समस्तीपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) ज्योति प्रकाश मिश्रा के समक्ष कई जनहित से जुड़े मुद्दे उठाए गए थे. इनमें सबसे प्रमुख मांग सरायगढ़–देवघर मेमू स्पेशल ट्रेन का राघोपुर तक विस्तार करने की थी. डीआरएम ने इस पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया था, लेकिन करीब दो माह बाद भी इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हो सकी है.
सावन में श्रद्धालुओं को होगी बड़ी सुविधा
स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे प्रत्येक वर्ष सावन माह में बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए इस मेमू स्पेशल ट्रेन का परिचालन करता है. इस वर्ष विक्रमशिला सेतु क्षतिग्रस्त होने के बाद 7 मई से इस ट्रेन का परिचालन शुरू किया गया था, जो अभी भी जारी है. पूर्व मध्य रेल ने श्रद्धालुओं की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए इसके परिचालन की अवधि 31 अगस्त तक बढ़ा दी है.
राघोपुर स्टेशन यात्रियों के लिए अधिक सुविधाजनक
वर्तमान में यह ट्रेन सरायगढ़ से रात्रि 3:05 बजे देवघर के लिए रवाना होती है और वापसी में रात 10:15 बजे सरायगढ़ पहुंचती है. ऐसे में राघोपुर, सिमराही, गणपतगंज, करजाइन तथा आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को देर रात सरायगढ़ आने-जाने में काफी परेशानी होती है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि एनएच-27 और एनएच-106 के जंक्शन के निकट स्थित राघोपुर स्टेशन सुपौल जिले के अधिकांश यात्रियों के लिए अधिक सुविधाजनक है. यदि ट्रेन का विस्तार राघोपुर तक कर दिया जाए तो हजारों श्रद्धालुओं और यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा.
सावन शुरू होने से पहले निर्णय की मांग
स्थानीय समाजसेवियों और रेल यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से सावन माह शुरू होने से पहले इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है. उनका कहना है कि ट्रेन के राघोपुर तक विस्तार से श्रद्धालुओं की वर्षों पुरानी मांग पूरी होगी और क्षेत्र के हजारों यात्रियों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी.
ALSO READ : सुपौल के परसरमा में मासूम की हत्या, DIG ने पीड़ित परिवार से मिलकर दिया सख्त कार्रवाई का भरोसा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By आशुतोष झा
आशुतोष झा प्रिंट माध्यम में 16 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अपराध, राजनीति, कला-संस्कृति की खबरों में रुचि रखते हैं. राघोपुर (सुपौल) क्षेत्र में काम कर रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










