सुपौल में भीषण हादसा: मंदिर में भजन-कीर्तन कर रहे श्रद्धालुओं को अनियंत्रित कार ने रौंदा, तीन की मौके पर ही मौत; तीन गंभीर

Updated:
विज्ञापन

फोटो- घटनास्थल पर परिजन व ग्रामीण सड़क जाम कर हंगामा करते | Prabhat Khabar Network

कटैया गोठ चौक पर झूलन पर्व के दौरान भजन-कीर्तन कर रहे श्रद्धालुओं को एक अनियंत्रित कार ने कुचल दिया. इस दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हो गए. ग्रामीणों ने मुआवजे और कार्रवाई की मांग को लेकर मुख्य मार्ग जाम कर दिया.

विज्ञापन

कटैया-निर्मली (सुपौल). पिपरा थाना क्षेत्र के कटैया गोठ चौक पर मंगलवार की देर शाम दर्दनाक सड़क हादसे में तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. एनएच-327ई स्थित सुपौल-पिपरा मुख्य मार्ग के किनारे कटैया चौक स्थित बजरंगबली मंदिर में झूलन पर्व को लेकर ग्रामीण भजन-कीर्तन कर रहे थे. इसी दौरान पिपरा की ओर से तेज रफ्तार में आ रही अनियंत्रित कार श्रद्धालुओं के बीच जा घुसी और कई लोगों को रौंदते हुए आगे निकल गई.

आपके शहर में

विज्ञापन

मौके पर तीन श्रद्धालुओं ने तोड़ा दम

हादसे में कटैया पंचायत के वार्ड संख्या 15 निवासी सुरेंद्र यादव, वार्ड संख्या 12 निवासी तिलाई दास और राजू दास की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं भुवनेश्वरी यादव, रामचंद्र यादव और कृष्ण मोहन साह गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय ग्रामीणों ने आनन-फानन में घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेजा.

कार लेकर भागा चालक, गैरेज में घुसाई गाड़ी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मंदिर परिसर के समीप श्रद्धालु भजन-कीर्तन में लीन थे. इसी दौरान तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर श्रद्धालुओं को रौंदते हुए आगे निकल गई. हादसे के बाद चालक कार लेकर भागने लगा. कुछ दूरी पर उसने कार को एक गैरेज में घुसा दिया. संयोग से उस समय गैरेज संचालक और कर्मचारी वहां मौजूद नहीं थे, जिससे एक और बड़ा हादसा होने से बच गया.

आक्रोशित ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग किया जाम

तीन लोगों की मौत की खबर फैलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया. आक्रोशित ग्रामीणों ने सुपौल-पिपरा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई. ग्रामीण दोषी चालक के खिलाफ कार्रवाई और मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग कर रहे थे.

अधिकारी मौके पर पहुंचे, जांच शुरू

घटना की सूचना मिलते ही पिपरा थाना पुलिस के साथ सदर इंस्पेक्टर संजय यादव, सदर एसडीएम मनोहर कुमार साहू और साइबर डीएसपी शौरभ गुप्ता मौके पर पहुंचे. पुलिस ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया. पुलिस घटनास्थल पर कैंप कर रही है. दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है.

कटैया गोठ में पसरा मातम

हादसे के बाद कटैया गोठ में मातम पसरा हुआ है. पुलिस दुर्घटना के कारणों के साथ-साथ कार चालक की पहचान को लेकर छानबीन कर रही है. घटना के बाद मृतकों के परिजनों और ग्रामीणों में शोक के साथ आक्रोश का माहौल है.



विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन