महेशुआ पंचायत में स्कूल रेडनेस मेला का आयोजन, बच्चों की प्रतिभा और क्षमता का हुआ आकलन

Published by : RAJEEV KUMAR JHA Updated At : 27 May 2026 5:22 PM

विज्ञापन

मेले का संचालन महिला पर्यवेक्षिका ब्यूटी सिंह की निगरानी एवं पर्यवेक्षण में उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ

विज्ञापन

त्रिवेणीगंज. प्रखंड के महेशुआ पंचायत के आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 293 पर मंगलवार को स्कूल रेडनेस मेला का सफल आयोजन किया गया. कार्यक्रम का आयोजन सीडीपीओ रजनी गुप्ता के निर्देशानुसार सेक्टर 02 एवं 10 में किया गया. मेले का संचालन महिला पर्यवेक्षिका ब्यूटी सिंह की निगरानी एवं पर्यवेक्षण में उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महिला पर्यवेक्षिका ब्यूटी सिंह ने कहा कि स्कूल रेडनेस मेला का मुख्य उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़े बच्चों को विद्यालय में नामांकन से पूर्व मानसिक, शैक्षणिक एवं सामाजिक रूप से तैयार करना है. साथ ही अभिभावकों एवं समुदाय को प्रारंभिक शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक करना भी इस कार्यक्रम का प्रमुख लक्ष्य है. उन्होंने कहा कि बच्चे देश और समाज का भविष्य हैं. उनकी शुरुआती शिक्षा की मजबूत नींव ही एक जागरूक और सशक्त समाज का निर्माण कर सकती है. उन्होंने ग्रामीणों एवं अभिभावकों से अपने बच्चों को नियमित रूप से आंगनबाड़ी केंद्रों और विद्यालयों में भेजने की अपील की. मेले के दौरान बच्चों और अभिभावकों को प्रारंभिक शिक्षा के प्रति जागरूक करते हुए विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से बच्चों की प्रतिभा एवं क्षमता का आकलन किया गया. कार्यक्रम में बच्चों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए सात अलग-अलग काउंटर बनाए गए. पंजीकरण काउंटर पर बच्चों का नामांकन, लंबाई और वजन मापने का कार्य किया गया. शारीरिक विकास काउंटर पर टेढ़ी-मेढ़ी रेखाओं पर चलना, रस्सी कूदना, पंखा बनाना और रंग भरने जैसी गतिविधियां कराई गईं. वहीं बौद्धिक विकास काउंटर पर रंग पहचान, वस्तुओं का मिलान एवं वर्गीकरण कराया गया. भाषा विकास काउंटर पर बच्चों से चित्र पहचानने, शब्द पढ़ने और अपनी बात रखने को कहा गया. गणितीय तैयारी काउंटर पर गिनती, जोड़-घटाव एवं आकृतियों की पहचान कराई गई. सामाजिक एवं भावनात्मक विकास काउंटर पर बच्चों से उनका नाम, माता का नाम, पसंदीदा भोजन एवं भावनाओं से जुड़े सवाल पूछे गए. अंतिम फीडबैक काउंटर पर अभिभावकों से सुझाव भी लिए गए. कार्यक्रम में प्राथमिक विद्यालय महेशुआ के शिक्षक प्रभाष कुमार, शिक्षिका डेजी कुमारी, नूतन कुमारी, आयुष कुमारी, सेविका विभा कुमारी, पार्वती कुमारी समेत बड़ी संख्या में अभिभावक, ग्रामीण एवं बच्चे उपस्थित थे.

विज्ञापन
RAJEEV KUMAR JHA

लेखक के बारे में

By RAJEEV KUMAR JHA

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन