खेल रहे 13 वर्षीय किशोर को विद्यालय निदेशक ने पीटा

घटना रविवार सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही है
त्रिवेणीगंज. नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 25 स्थित चिलौनी नदी डायवर्सन के समीप संचालित एक स्कूल में चौथी कक्षा के एक छात्र की कथित रूप से स्कूल परिसर में दौड़ा – दौड़ाकर बेल्ट से पिटाई करने का मामला सामने आया है. घटना रविवार सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही है. पिटाई में छात्र जख्मी हो गया, जिसे परिजनों द्वारा अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया. जख्मी छात्र की पहचान पिपरा थाना क्षेत्र के रामपुर वार्ड संख्या 7 निवासी रामचंद्र पासवान के 13 वर्षीय पुत्र शिवम कुमार के रूप में हुई है. जख्मी छात्र ने आरोप लगाया कि रविवार होने के कारण वह अपने भाई के साथ विद्यालय परिसर में खेल रहा था. इसी दौरान विद्यालय के निदेशक रूपेश कुमार वहां पहुंचे और बोला तुमलोग आपस में गाली – गलौज करते हो कहते हुए बेल्ट से पिटाई शुरू कर दी. कई बार छोड़ देने की गुहार लगाने के बाद भी शिक्षक बेल्ट से स्कूल परिसर में दौड़ा – दौड़ाकर मारते रहे. परिजनों का कहना है कि घटना की जानकारी तब हुई जब वे शिवम को ड्रेस देने विद्यालय पहुंचे. उन्हें देखते ही शिवम रोने लगा और शरीर पर पड़े जख्म दिखाए. आरोप है कि जब परिजन शिकायत करने विद्यालय निदेशक के पास पहुंचे तो शिक्षक सहित अन्य बच्चों भी लाठी-डंडे लेकर परिजनों से ही भीड़ गए. साथ ही उनसे धक्का-मुक्की करने लगे. इस संबंध में थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि अभी तक कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




