रौशन पंडित हत्याकांड पर सुपौल में जनाक्रोश, कलेक्ट्रेट घेराव के बाद डीएम-एसपी के आश्वासन पर खत्म हुआ प्रदर्शन

Author Vikash Kumar|Edited by Pintu Pranav
Updated:
विज्ञापन
रौशन पंडित हत्याकांड पर फूटा आक्रोश : पुलिस से धक्का-मुक्की के बीच डीएम-एसपी के आश्वासन पर खत्म हुआ प्रदर्शन

पुलिस छाबनी मे तब्दील, प्रदर्शन करते लोग | Prabhat Khabar Network

सुपौल जिले में रौशन पंडित हत्याकांड को लेकर लोगों ने कलेक्ट्रेट का घेराव कर न्याय की मांग की. प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव की स्थिति बनी रही. डीएम-एसपी के आश्वासन के बाद आंदोलन समाप्त हुआ.

विज्ञापन

Roshan Pandit Murder Case: सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज में हुए चर्चित रौशन पंडित हत्याकांड को लेकर बुधवार को जिला मुख्यालय में प्रदर्शनकारियों ने कलेक्ट्रेट का घेराव किया. प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे, लेकिन बड़ी संख्या में लोग कलेक्ट्रेट तक पहुंचने में सफल रहे. प्रदर्शन के दौरान कई स्थानों पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनावपूर्ण स्थिति बनी रही.

सुबह से पुलिस छावनी में तब्दील रहा जिला मुख्यालय

प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए बुधवार सुबह से ही जिला मुख्यालय में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी. लोहिया चौक से कलेक्ट्रेट जाने वाले मार्ग पर बैरिकेडिंग की गई थी. लोहिया नगर चौक, कलेक्ट्रेट गेट और अन्य संवेदनशील स्थानों पर भारी संख्या में पुलिस बल, दंडाधिकारी एवं वरिष्ठ अधिकारियों की तैनाती की गई थी. त्रिवेणीगंज सहित कई थानों से अतिरिक्त पुलिस बल भी बुलाया गया था.

कलेक्ट्रेट पहुंचने पर पुलिस से हुई नोकझोंक

Roshan Pandit Murder Case: दोपहर करीब एक बजे व्यापार संघ भवन के समीप कुम्हार समाज के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए और हाथों में तख्तियां व बैनर लेकर कलेक्ट्रेट की ओर मार्च किया. लोहिया नगर चौक के पास पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी आगे बढ़ते रहे. इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की और तीखी नोकझोंक हुई. अधिकारियों ने संयम बरतते हुए स्थिति को नियंत्रित रखा.

डेढ़ घंटे तक बाधित रहा यातायात

प्रदर्शनकारी कलेक्ट्रेट गेट के सामने सड़क पर बैठ गए और रौशन पंडित हत्याकांड के सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग को लेकर नारेबाजी करते रहे. करीब डेढ़ घंटे तक कलेक्ट्रेट के सामने यातायात बाधित रहा, जिससे आसपास के क्षेत्रों में वाहनों की लंबी कतारें लग गईं.

डीएम-एसपी से वार्ता के बाद समाप्त हुआ आंदोलन

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों के प्रतिनिधिमंडल को वार्ता के लिए बुलाया. रौशन पंडित की पत्नी, दोनों पुत्रों सहित आठ सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी सावन कुमार और पुलिस अधीक्षक शरथ आर एस से मुलाकात कर दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग रखी. वार्ता के दौरान दोनों अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि मामले की जांच पूरी पारदर्शिता के साथ की जाएगी तथा दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित होगी. इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने आंदोलन समाप्त कर दिया और यातायात सामान्य हो सका.


विज्ञापन
Vikash Kumar

लेखक के बारे में

By Vikash Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन