बहन की शादी का कार्ड लेकर जा रहे एकलौते भाई की सड़क हादसे में मौत, चाचा घायल

Updated at : 03 May 2024 6:16 PM (IST)
विज्ञापन
supaul3

जख्मी का इलाज विराटनगर स्थित निजी अस्पताल में चल रहा है

विज्ञापन

छातापुर. थाना क्षेत्र के हरिहरपुर निवासी बाइक सवार चाचा-भतीजा गुरुवार की देर शाम सरायगढ़ में सड़क हादसे का शिकार हो गये. जिसमें भतीजा 16 वर्षीय राहुल कुमार की मौके पर ही मौत हो गयी. जबकि चाचा विक्रम मेहता गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं. जख्मी का इलाज विराटनगर स्थित निजी अस्पताल में चल रहा है. उनकी भी स्थिति नाजुक बनी हुई है. मृतक राहुल की बहन ज्योति कुमारी की शादी 10 मई को है. चाचा भतीजा निमंत्रण कार्ड लेकर लड़के वाले के यहां जा रहे थे. हादसे की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा शव को पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया. शुक्रवार की अहले सुबह शव के पहुंचते ही परिजनों में चीख पुकार मच गयी. ग्रामीणों की भीड़ जुट गयी. मृतक राहुल इकलौता भाई था. उसके पिता मनोज मेहता की मौत चार साल पहले हो चुकी है. 75 वर्षीय दादा महेंद्र मेहता ने अपने पोते को मुखाग्नि दी. शादी को लेकर घर में तैयारी चल रही थी. मांगलिक कार्य हो रहे थे. लेकिन अचानक हादसे की खबर मिलते ही घर में मातम छा गया. मृतक के चाचा विवेक मेहता के अनुसार राहुल इकलौता भाई था. हरिहरपुर हाइस्कूल में नौवीं कक्षा में पढ़ाई कर रहा था. उसकी दो बहन है. जिसमें बड़ी बहन स्वाति कुमारी की शादी हो चुकी है. छोटी बहन ज्योति कुमारी की 10 मई को शादी तय है. मृतक की मां परमीला देवी पति की मौत से टूट चुकी थी, अब अपने इकलौते पुत्र की मौत को वह सहन नहीं कर पा रही है. दहाड़ मारकर रोती परमीला की करूण चीत्कार से हर किसी की आंखें नम हो रही थी. बुजुर्ग दादी महारानी देवी सहित परिजनों का रो रोकर बुरा हाल बना है. मालूम हो कि इस तरह की घटना को लेकर लोगों के बीच चर्चा हो रही है कि बहन की शादी से पहले भाई की अर्थी उठ गयी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन