बाबाधाम से लौट रही कांवरिया बस एनएच-27 पर ट्रक से टकराई, पांच श्रद्धालु घायल, सभी की हालत खतरे से बाहर

पेट्रोल पंप पर खड़े कांवरिया. | Prabhat Khabar Network
NH-27 Accident: बाबाधाम से सिलीगुड़ी लौट रही कांवरिया बस NH-27 पर ट्रक से टकरा गई, जिससे 5 श्रद्धालु घायल हो गए। सड़क पर बने गड्ढे हादसे का कारण बने. ग्रामीणों ने समय पर मदद कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया.
NH-27 Accident : सरायगढ़ के भपटियाही थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-27 पर शनिवार सुबह गढ़िया गांव स्थित एक पेट्रोल पंप के समीप बड़ा सड़क हादसा हो गया. बाबा धाम और कोशीकीनाथ से करीब 70 कांवरियों को लेकर सिलीगुड़ी-जल्पाईगुड़ी लौट रही दास परिवहन की स्लीपर बस आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा भिड़ी. दुर्घटना में बस में सवार पांच कांवरिया घायल हो गए.
सड़क के गड्ढे और अचानक ब्रेक बने हादसे की वजह
जानकारी के अनुसार, स्लीपर कोच बस (डब्ल्यूबी-73डी-7808) एनएच-27 से गुजर रही थी. इसी दौरान गढ़िया गांव के पास सड़क पर बने गड्ढे के कारण आगे चल रहे ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया. पीछे चल रही बस का चालक समय पर वाहन नियंत्रित नहीं कर सका और बस सीधे ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई. टक्कर के बाद बस में अफरा-तफरी मच गई.
ग्रामीणों ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल
बस चालक शुभंकर बुढो और खलासी आकाश सदरे ने बताया कि हादसे में पांच यात्रियों को चोटें आईं. स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए सभी घायलों को सिमराही के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने सभी की स्थिति खतरे से बाहर बताई.
बस में गैस सिलेंडर और अन्य सामान भी था
बताया गया कि बस में श्रद्धालुओं के साथ गैस सिलेंडर, गैस चूल्हा, खाना बनाने के बर्तन और अन्य आवश्यक सामान भी रखा हुआ था. दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया. सूचना मिलते ही भपटियाही थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त बस को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. बस मालिक ने सभी कांवरियों को दूसरी बस से सिलीगुड़ी और जलपाईगुड़ी भेजने की व्यवस्था की.
सड़क मरम्मत कार्य पर उठे सवाल
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि एनएच-27 पर इन दिनों मरम्मत कार्य चल रहा है. जगह-जगह गड्ढे और निर्माण कार्य के कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ गया है. ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से सड़क मरम्मत कार्य जल्द पूरा कराने और निर्माण स्थल पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने की मांग की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By राजीव कुमार झा
राजीव कुमार झा प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 02 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत हिन्दुस्तान से की. अभी प्रभात खबर ब्यूरोचीफ के पद पर सुपौल में काम कर रहे हैं. शिक्षा, कला-संस्कृति, सामाजिक कार्य व सिनेमा में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










