पेपर लीक से शिक्षा व्यवस्था तक, 8 अगस्त को प्रयागराज में छात्रों से संवाद करेंगे राहुल गांधी

Updated:
विज्ञापन
राहुल गांधी की फाइल फोटो

राहुल गांधी की फाइल फोटो

UP News: राहुल गांधी 8 अगस्त को प्रयागराज में 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में छात्रों से संवाद करेंगे. इस दौरान पेपर लीक, रोजगार और शिक्षा की बढ़ती लागत जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा की जाएगी. पूर्वांचल के कई जिलों के छात्र इसमें शामिल होंगे.

विज्ञापन

UP News: नीट, सीबीएसई, पेपर लीक और प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं जैसे मुद्दों को लेकर कांग्रेस सांसद एवं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी 8 अगस्त को प्रयागराज के सिविल लाइंस स्थित केपी ग्राउंड में आयोजित 'छात्रों की गूंज : छात्र संवाद' कार्यक्रम में छात्रों से संवाद करेंगे. इस कार्यक्रम में पूर्वांचल के कई जिलों के छात्र शामिल होंगे और शिक्षा व रोजगार से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी.

प्रयागराज में होगा तीसरा चरण

कांग्रेस के 'छात्रों की गूंज' अभियान का पहला चरण 17 जून को कोटा और दूसरा चरण 17 जुलाई को देहरादून में आयोजित किया गया था. तीसरे चरण के तहत अब 8 अगस्त को प्रयागराज में छात्र संवाद कार्यक्रम होगा. पहले 9 अगस्त को दिल्ली में विशाल छात्र रैली के साथ इस चरण का समापन प्रस्तावित था, लेकिन दिल्ली सरकार से अनुमति नहीं मिलने के बाद कार्यक्रम प्रयागराज में आयोजित करने का निर्णय लिया गया.

इन मुद्दों पर होगी चर्चा

पार्टी प्रवक्ता हसीब अहमद के अनुसार, छात्र संवाद में रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं, पेपर लीक, शिक्षा की बढ़ती लागत, छात्रवृत्ति, विश्वविद्यालयों के माहौल और युवाओं के भविष्य जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा. कार्यक्रम में प्रयागराज, कौशाम्बी, प्रतापगढ़, अमेठी, रायबरेली, भदोही, मिर्जापुर, वाराणसी समेत पूर्वांचल के कई जिलों के छात्रों के शामिल होने की संभावना है.

तैयारियों में जुटी कांग्रेस

कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर रविवार को यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, शहर और जिला कमेटी के पदाधिकारियों तथा स्थानीय नेताओं के साथ बैठक करेंगे. प्रदेश महासचिव मुकुंद तिवारी ने बताया कि छात्र संवाद में प्रदेशभर के प्रतियोगी छात्र हिस्सा लेंगे. वहीं कार्यक्रम के समन्वयक विवेकानंद पाठक के अनुसार अब तक डेढ़ लाख से अधिक युवाओं ने पंजीकरण कराया है. शहर अध्यक्ष फुजैल हाशमी ने कहा कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं.

Also Read: लाखों श्रद्धालुओं के बीच अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन की सुरक्षा पर सवाल, बंद मिले 149 CCTV कैमरे


विज्ञापन
Khushboo Kumari

लेखक के बारे में

By Khushboo Kumari

खुशबू कुमारी पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर में डिजिटल कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. उन्होंने पटना विमेंस कॉलेज, से मास कम्युनिकेशन में स्नातक किया है तथा वर्तमान में इग्नू से मास्टर ऑफ आर्ट्स (मास कम्युनिकेशन एंड डिजिटल मीडिया) की पढ़ाई कर रही हैं. उन्हें जनहित से जुड़ी खबरों, डिजिटल पत्रकारिता, समाचार लेखन, फोटोग्राफी, वीडियो एडिटिंग और ग्राफिक डिजाइन में विशेष रुचि है. वे राजनीति, शिक्षा, प्रशासन, सामाजिक मुद्दों, अपराध और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर शोधपरक, तथ्यपरक और पाठकों के लिए उपयोगी डिजिटल कंटेंट तैयार करती हैं. उनका उद्देश्य पाठकों तक विश्वसनीय, स्पष्ट और प्रभावी जानकारी पहुंचाना है, ताकि समाचार केवल सूचना का माध्यम न होकर समाज के लिए उपयोगी साबित हों.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola