लाखों श्रद्धालुओं के बीच अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन की सुरक्षा पर सवाल, बंद मिले 149 CCTV कैमरे

Updated:
विज्ञापन

बंद कैमरों से बढ़ी सुरक्षा चिंता (AI सांकेतिक तस्वीर)

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

UP News: अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर सावन मेले के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ रही है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था चिंताजनक है. 173 सीसीटीवी कैमरों में से 149 बंद पड़े हैं, जिससे घटनाओं की जांच मुश्किल हो सकती है.

विज्ञापन

UP News: सावन मेले के दौरान अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ रही है, लेकिन स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था गंभीर सवालों के घेरे में है. स्टेशन पर लगे 173 सीसीटीवी कैमरों में से 149 कैमरे बंद पड़े हैं. ऐसे में चोरी, हादसे या किसी आपराधिक घटना की स्थिति में जांच एजेंसियों को फुटेज जुटाने में बड़ी मुश्किल का सामना करना पड़ सकता है.

विज्ञापन

सिर्फ 24 से 30 कैमरे ही चालू

रेलवे स्टेशन पर कुल 208 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनमें प्रवेश द्वार, प्लेटफॉर्म, फुटओवर ब्रिज, होल्डिंग एरिया और अन्य संवेदनशील स्थान शामिल हैं. हालांकि, वर्तमान में संचालित 173 कैमरों में से अधिकांश काम नहीं कर रहे हैं. बृहस्पतिवार को केवल 24 कैमरे सक्रिय थे, जबकि शुक्रवार को भी करीब 30 कैमरे ही चालू हो सके. स्टेशन सूत्रों के अनुसार, ऊंचाई पर लगे 15 कैमरे भी पूरी तरह बंद हैं. सीसीटीवी नेटवर्क के संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी एसएनटी कंपनी के पास है.

घटना होने पर जांच होगी मुश्किल

बड़ी संख्या में कैमरे बंद रहने से स्टेशन के कई हिस्से निगरानी से बाहर हो गए हैं. यदि भीड़ के दौरान किसी यात्री का सामान चोरी हो जाए, कोई बच्चा बिछड़ जाए या कोई आपराधिक घटना हो, तो जांच एजेंसियों के लिए घटनास्थल का फुटेज जुटाना चुनौती बन सकता है. इससे संदिग्धों की पहचान और घटना की पुष्टि करना भी कठिन हो जाएगा. सावन के दौरान बढ़ती भीड़ को देखते हुए यह स्थिति सुरक्षा के लिहाज से चिंता का विषय मानी जा रही है.

240 करोड़ से हुआ था स्टेशन का पुनर्विकास

अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन का प्रथम चरण में 240 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से पुनर्विकास किया गया था. दिसंबर 2023 में उद्घाटन के समय इसे आधुनिक सुरक्षा प्रणाली, सीसीटीवी नेटवर्क, लिफ्ट, एस्केलेटर, प्रतीक्षालय, क्लॉक रूम, फूड प्लाजा और दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाओं से लैस विश्वस्तरीय स्टेशन बताया गया था. लेकिन बड़ी संख्या में कैमरे बंद होने से इन दावों पर सवाल उठ रहे हैं.

आरपीएफ ने बताई यह वजह

धाम स्टेशन के आरपीएफ प्रभारी नीरव मिश्रा ने बताया कि बंदरों के उत्पात के कारण कुछ सीसीटीवी कैमरे प्रभावित हुए हैं. इसके अलावा परिसर में कैमरों की मेंटेनेंस का काम भी चल रहा है, जिसकी वजह से कई कैमरे अस्थायी रूप से बंद हैं. उन्होंने कहा कि सावन मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए सभी कैमरों को जल्द सक्रिय कर दिया जाएगा.

Also Read: 'सनातन का अपमान बर्दाश्त नहीं', पप्पू यादव के 'साधु वेश' पर संतों का हल्लाबोल, मथुरा से दिल्ली तक विरोध


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola