'सनातन का अपमान बर्दाश्त नहीं', पप्पू यादव के 'साधु वेश' पर संतों का हल्लाबोल, मथुरा से दिल्ली तक विरोध

पप्पू यादव के विरोध में संत समाज का प्रदर्शन
UP News: सांसद पप्पू यादव द्वारा राम मंदिर चढ़ावा चोरी के विरोध में साधु वेश धारण कर प्रदर्शन करने पर संत समाज नाराज़ है. उत्तर प्रदेश के मथुरा और वाराणसी में संतों ने विरोध जताया, वहीं दिल्ली में धार्मिक भावनाएं आहत करने की शिकायत दर्ज कराई गई है.
UP News: राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर संसद परिसर में साधु वेश धारण कर विरोध प्रदर्शन करने वाले सांसद पप्पू यादव के खिलाफ विरोध तेज हो गया है. उत्तर प्रदेश के मथुरा और वाराणसी में संत समाज ने उनके खिलाफ प्रदर्शन किया. वहीं दिल्ली के जहांगीरपुरी थाने में धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप लगाते हुए शिकायत भी दर्ज कराई गई है.
यूपी में संतों का विरोध
संसद परिसर में हुए विरोध प्रदर्शन के बाद उत्तर प्रदेश में संत समाज ने पप्पू यादव के खिलाफ नाराजगी जताई. मथुरा के गोवर्धन में साधु-संतों ने उनका पुतला फूंका और तस्वीर पर चप्पलें बरसाईं. चित्रगुप्त पीठाधीश्वर स्वामी सच्चिदानंद महाराज ने उनकी संसद सदस्यता रद्द करने की मांग की. वहीं वाराणसी में अखिल भारतीय संत समिति के महामंत्री स्वामी जितेंद्रानंद सरस्वती ने कहा कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह हो सकता है, लेकिन साधु-संतों का वेश धारण कर सनातन परंपरा का उपहास स्वीकार नहीं किया जाएगा.
दिल्ली में शिकायत, कार्रवाई की मांग
संसद परिसर में साधु के भेष में प्रदर्शन करने के मामले में सांसद पप्पू यादव के खिलाफ दिल्ली के जहांगीरपुरी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई है. शिकायतकर्ता सूर्य मैथिल ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई गई. शिकायत में गृह मंत्री अमित शाह, दिल्ली पुलिस आयुक्त और संबंधित पुलिस अधिकारियों से मामले में तत्काल कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है.
धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप
शिकायतकर्ता का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान भगवा वस्त्रों और धार्मिक प्रतीकों का अपमान किया गया. उनका कहना है कि भगवान राम लला की तस्वीर को भी प्रदर्शन के दौरान अनुचित तरीके से रखा गया, जिससे सनातन धर्म मानने वालों की भावनाएं आहत हुईं. शिकायत में यह भी कहा गया है कि इस प्रदर्शन को विपक्षी INDIA गठबंधन के कई नेताओं का समर्थन प्राप्त था.
संसद परिसर में हुआ था विरोध प्रदर्शन
शुक्रवार, 31 जुलाई को संसद परिसर में विपक्षी सांसदों ने विभिन्न मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया. इस दौरान राम मंदिर चढ़ावा चोरी का कथित मामला भी उठाया गया. प्रदर्शन में सांसद पप्पू यादव भगवा वस्त्र पहनकर मंदिर के पुजारी के रूप में नजर आए और हाथ में भगवान राम की तस्वीर लेकर प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया. विपक्ष ने इस दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से इस मुद्दे समेत अन्य मामलों पर जवाब देने की मांग भी की.
Also Read: पूर्व पार्षद की गिरफ्तारी से गरमाया DPS कॉलेज जमीन विवाद, नाका थाने पर वकीलों का प्रदर्शन
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By Khushboo Kumari
खुशबू कुमारी पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर में डिजिटल कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. उन्होंने पटना विमेंस कॉलेज, से मास कम्युनिकेशन में स्नातक किया है तथा वर्तमान में इग्नू से मास्टर ऑफ आर्ट्स (मास कम्युनिकेशन एंड डिजिटल मीडिया) की पढ़ाई कर रही हैं. उन्हें जनहित से जुड़ी खबरों, डिजिटल पत्रकारिता, समाचार लेखन, फोटोग्राफी, वीडियो एडिटिंग और ग्राफिक डिजाइन में विशेष रुचि है. वे राजनीति, शिक्षा, प्रशासन, सामाजिक मुद्दों, अपराध और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर शोधपरक, तथ्यपरक और पाठकों के लिए उपयोगी डिजिटल कंटेंट तैयार करती हैं. उनका उद्देश्य पाठकों तक विश्वसनीय, स्पष्ट और प्रभावी जानकारी पहुंचाना है, ताकि समाचार केवल सूचना का माध्यम न होकर समाज के लिए उपयोगी साबित हों.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










