अधिकारियों को दिए गये निर्देश, 17 से शुरू होगी स्व-गणना प्रक्रिया

Published by :RAJEEV KUMAR JHA
Published at :14 Apr 2026 6:11 PM (IST)
विज्ञापन
अधिकारियों को दिए गये निर्देश, 17 से शुरू होगी स्व-गणना प्रक्रिया

जिलाधिकारी ने आगामी चरण की तैयारियों पर भी विशेष जोर दिया

विज्ञापन

सुपौल. सुपौल जिले में प्रस्तावित जनगणना 2027 को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं. जिलाधिकारी सह प्रधान जनगणना अधिकारी की अध्यक्षता में वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जिले के सभी ग्रामीण एवं शहरी चार्ज जनगणना अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में जनगणना से संबंधित विभिन्न चरणों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई व समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. बैठक के दौरान प्रधान जनगणना अधिकारी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि 13 अप्रैल 2026 से 24 अप्रैल 2026 तक आयोजित होने वाले प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों के प्रशिक्षण कार्यक्रम को पूरी गुणवत्ता के साथ संपन्न कराया जाए. उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशिक्षण की गुणवत्ता ही जनगणना की सफलता का आधार होगी, इसलिए इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी. इसके साथ ही जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में आम नागरिकों को स्व-गणना के प्रति जागरूक करने के लिए व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार करें. उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यम से स्व-गणना को सफल बनाने के लिए जनजागरूकता अत्यंत आवश्यक है. प्रशासन द्वारा उपलब्ध जानकारी के अनुसार, स्व-गणना वेब पोर्टल के माध्यम से 17 अप्रैल 2026 से 01 मई 2026 तक आम नागरिक स्वयं अपनी जनगणना से संबंधित जानकारी दर्ज कर सकेंगे. यह प्रक्रिया जनगणना को अधिक पारदर्शी, सरल और प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. जिलाधिकारी ने आगामी चरण की तैयारियों पर भी विशेष जोर दिया. उन्होंने निर्देशित किया कि 02 मई 2026 से 31 मई 2026 तक प्रगणकों द्वारा प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य किया जाएगा. इस चरण के सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं, ताकि किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो. बैठक के दौरान विभिन्न अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में चल रही तैयारियों की जानकारी साझा की और आवश्यक सुझाव भी दिए. जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने तथा नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. बैठक में उप विकास आयुक्त सह वरीय नोडल अधिकारी (जनगणना) सारा असरफ, अपर समाहर्ता सह जिला जनगणना अधिकारी सचिदानंद सुमन, निदेशक एनईपी सह नोडल अधिकारी जनगणना व जिला सांख्यिकी पदाधिकारी सह अपर जिला जनगणना अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे.

विज्ञापन
RAJEEV KUMAR JHA

लेखक के बारे में

By RAJEEV KUMAR JHA

RAJEEV KUMAR JHA is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन