तीन केंद्रों में 327 गर्भवती महिलाओं की हुई स्वास्थ्य जांच

निजी केंद्र से अल्ट्रासाउंड जांच को विवश दिखी गर्भवती
– निजी केंद्र से अल्ट्रासाउंड जांच को विवश दिखी गर्भवती राघोपुर. प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के अंतर्गत गुरुवार को विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया. यह शिविर राघोपुर रेफरल अस्पताल समेत तीन स्वास्थ्य केंद्रों पर लगाया गया, जिसमें कुल 327 गर्भवती महिलाओं की जांच की गई. अभियान का उद्देश्य गर्भावस्था के दौरान संभावित जटिलताओं की समय पर पहचान कर मां और शिशु की सुरक्षा सुनिश्चित करना है. शिविर के दौरान महिलाओं की हीमोग्लोबिन, ब्लड प्रेशर, शुगर, वजन, यूरिन एल्ब्यूमिन और ब्लड ग्रुप जैसी जरूरी जांच की गई. जांच में कई महिलाओं में एनीमिया, हाई ब्लड प्रेशर, मधुमेह और असामान्य वजन जैसी समस्याएं सामने आई. एनीमिया से पीड़ित महिलाओं को आयरन की दवाएं दी गई और संतुलित आहार लेने की सलाह दी गई. आंकड़ों के अनुसार, सबसे अधिक 197 महिलाओं की जांच राघोपुर रेफरल अस्पताल में हुई. इसके अलावा, अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गनपतगंज में 70 और करजाइन अस्पताल में 60 महिलाओं का परीक्षण किया गया. अधिक भीड़ के कारण कुछ केंद्रों पर जांच दोपहर बाद तक जारी रही, जिससे व्यवस्थाओं पर दबाव देखा गया. बीएचएम नोमान अहमद ने बताया कि कई गर्भवती महिलाओं को उच्च जोखिम श्रेणी में चिह्नित किया गया है. इन महिलाओं के लिए हर महीने की 21 तारीख को विशेष जांच और परामर्श की व्यवस्था की गई है, ताकि उनकी नियमित निगरानी हो सके. हालांकि, शिविर के दौरान कुछ समस्याएं भी सामने आई. कई महिलाओं ने बताया कि उन्हें अल्ट्रासाउंड जांच के लिए निजी केंद्रों पर करीब 700 रुपये खर्च करने पड़े, जिससे आर्थिक बोझ बढ़ा. मौके पर डॉ ललिता कुमारी, डॉ राहुल झा, बीसीएम शादाब अली सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




