ePaper

ट्रक और ऑटो की आमने-सामने की टक्कर में ऑटो सवार चार लोगों की हुई मौत, दो घायल

Updated at : 12 Jun 2024 9:31 PM (IST)
विज्ञापन
supaul3

त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के एनएच 327 ई खादी भंडार के समीप मंगलवार की देर रात बालू लदा 18 चक्का ट्रक और ऑटो की सीधी टक्कर में ऑटो सवार चालक सहित चार लोगों की मौत घटना स्थल पर

विज्ञापन

प्रतिनिधि, त्रिवेणीगंज. त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के एनएच 327 ई खादी भंडार के समीप मंगलवार की देर रात बालू लदा 18 चक्का ट्रक और ऑटो की सीधी टक्कर में ऑटो सवार चालक सहित चार लोगों की मौत घटना स्थल पर ही हो गयी, जबकि दो बुरी तरह जख्मी हो गये. मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्काल दोनों घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया. जहां प्राथमिक उपचार कर मधेपुरा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बालू लदे ट्रक बीआर 50 जी 9373 और सवारी से भरे ऑटो बीआर 50 पी 1259 की जोरदार टक्कर में ऑटो के परखच्चे उड़ गये. घटना में एक महिला की लाश ऑटो में अटक गयी, वहीं अन्य दो की लाश ऑटो के दोनों ओर, जबकि एक की लाश ट्रक के चक्के में दब गयी. घटना रात करीब 12 बजे की बताई जाती है. घटना में मरे चारों मृतक प्रखंड क्षेत्र की महेशुआ पंचायत के बताये जा रहे हैं. बताया कि घटना के बाद ही ट्रक का चालक और खलासी मौके से भागने में सफल रहा. पुलिस ट्रक और क्षतिग्रस्त ऑटो को जब्त कर लिया है. बताया कि यह घटना उस समय घटी, जब बालू लदा ट्रक पिपरा से त्रिवेणीगंज बाजार की ओर आ रहा था. इसी दौरान विपरीत दिशा जदिया से आ रहा सवारी भरा ऑटो की बीच सड़क में ही आमने-सामने में सीधी टक्कर हो गयी. इसमें त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के गजहर वार्ड नंबर 04 निवासी स्व यदु पासवान के 55 वर्षीय पुत्र रामगोविंद पासवान, महेशुआ वार्ड नंबर 14 निवासी राजदेव दास की 35 वर्षीय पत्नी ममता देवी, स्व देवन दास की 50 वर्षीय पत्नी बिजली देवी और ऑटो चालक महेशुआ बेला वार्ड 09 निवासी स्व कैलाशी शर्मा के 55 वर्षीय पुत्र सियाराम शर्मा की मौत हो गयी. वहीं महेशुआ वार्ड 13 निवासी शिवनंदन यादव की 56 वर्षीय पत्नी सुखनी देवी और महेशुआ बेला वार्ड 13 निवासी स्व शिवचरण मंडल के 50 वर्षीय पुत्र कृष्णदेव मंडल बुरी तरह जख्मी हो गये. घटना की जानकारी मिलते ही एसडीपीओ विपिन कुमार, अंचल निरीक्षक सत्य नारायण राय, प्रभारी थानाध्यक्ष राहुल कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु सदर अस्पताल सुपौल भेज दिया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. घटना की जानकारी के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है. शिव चर्चा में भाग लेने गये थे सभी मृतक मृतक के परिजनों ने बताया कि सभी मृतक दिन के करीब ढाई-तीन बजे के बीच जदिया के तमकुलहा में शिव परिचर्चा में भाग लेने गये थे. लौटने के दौरान त्रिवेणीगंज खादी भंडार के समीप यह घटना हुई. क्षतिग्रस्त ऑटो में हारमोनियम, ढोलक भी देखा गया. घटनास्थल पर चारों ओर खून के धब्बे पड़े देखे गये. एसडीपीओ विपिन कुमार ने बताया कि पुलिस गहराई से मामले की छानबीन कर रही है. घटना की जानकारी मिलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ लग गयी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन