प्रतापगंज के आशुतोष आनंद ने दूसरे प्रयास में पाई सफलता, डॉक्टर बनकर समाज सेवा का है सपना

माता पिता के साथ आशुतोष
प्रतापगंज के आशुतोष आनंद ने NEET UG 2026 परीक्षा में 571 अंक प्राप्त कर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है. दूसरे प्रयास में मिली इस सफलता के पीछे उनके माता-पिता और शिक्षकों का मार्गदर्शन रहा. डॉक्टर बनकर समाज सेवा करने का है उनका लक्ष्य.
NEET UG Success: सुपौल जिले के प्रतापगंज प्रखंड अंतर्गत भवानीपुर उत्तर पंचायत निवासी आशुतोष आनंद ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट यूजी) 2026 में सफलता हासिल कर अपने परिवार और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है. निजी शिक्षक राजकुमार यादव और रंजू देवी के इकलौते पुत्र आशुतोष ने दूसरे प्रयास में यह उपलब्धि हासिल की है.
571 अंक के साथ हासिल की शानदार रैंक
आशुतोष ने बताया कि वर्ष 2026 की नीट परीक्षा में देशभर से 22 लाख से अधिक अभ्यर्थी शामिल हुए थे. उन्होंने 720 में से 571 अंक प्राप्त किए. उन्हें ऑल इंडिया रैंक 22,846 तथा कैटेगरी रैंक 10,912 मिली है.
परिवार और शिक्षकों को दिया सफलता का श्रेय
आशुतोष ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, बहन अनामिका आनंद और कोटा (राजस्थान) के ऑनलाइन कोचिंग संस्थान के शिक्षकों को दिया. उन्होंने कहा कि परिवार के सहयोग और शिक्षकों के मार्गदर्शन ने कठिन तैयारी के दौरान उनका मनोबल हमेशा बढ़ाया.
डॉक्टर बनकर समाज सेवा करना है लक्ष्य
आशुतोष ने बताया कि उनका सपना एक कुशल चिकित्सक बनकर समाज की सेवा करना है. उन्होंने कहा कि भविष्य में वह संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की परीक्षा भी देना चाहते हैं, ताकि प्रशासनिक सेवा के माध्यम से भी देश और समाज के लिए कार्य कर सकें.
शुरुआत से रहे मेधावी छात्र
पिता राजकुमार यादव ने बताया कि आशुतोष बचपन से ही पढ़ाई में मेधावी रहे हैं. उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय भवानीपुर से प्राप्त की. वर्ष 2023 में मैट्रिक परीक्षा 92 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण की, जबकि वर्ष 2025 में इंटरमीडिएट परीक्षा 84 प्रतिशत अंकों के साथ पास की.
क्षेत्र में खुशी का माहौल
NEET UG Success: आशुतोष की सफलता से परिवार, रिश्तेदारों, मित्रों और क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है. शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उनकी उपलब्धि को क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक बताया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By राजीव कुमार झा
राजीव कुमार झा प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 02 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत हिन्दुस्तान से की. अभी प्रभात खबर ब्यूरोचीफ के पद पर सुपौल में काम कर रहे हैं. शिक्षा, कला-संस्कृति, सामाजिक कार्य व सिनेमा में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










