छातापुर में उच्च शिक्षा के नए युग की शुरुआत: विधायक नीरज कुमार सिंह बबलू ने किया राजकीय डिग्री कॉलेज का शुभारंभ

विज्ञापन
प्रखंड मुख्यालय में विधायक ने डिग्री काॅलेज का किया विधिवत शुभारंभ, कहा किसी भी क्षेत्र में जाने के लिए जीवन में संपूर्ण शिक्षा का होना जरूरी

दीप प्रज्ज्वलित करते विधायक व अन्य | Prabhat Khabar Network

छातापुर में एक ऐतिहासिक क्षण में राजकीय डिग्री कॉलेज का शुभारंभ हुआ. विधायक नीरज कुमार सिंह बबलू ने दीप प्रज्वलित कर कॉलेज का उद्घाटन किया, जो क्षेत्र के शैक्षणिक विकास में एक महत्वपूर्ण कदम है.

विज्ञापन

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के लाइव संबोधन के पश्चात स्थानीय विधायक सह बिहार सरकार के पूर्व मंत्री नीरज कुमार सिंह बबलू ने दीप प्रज्वलित कर कॉलेज का विधिवत शुभारंभ किया और प्रशासनिक भवन का फीता काटा. बिहार सरकार द्वारा उच्च शिक्षा के क्षेत्र में क्रांति लाने के उद्देश्य से राज्यभर में एक साथ 211 डिग्री कॉलेजों की शुरुआत की गई है, जिसकी कड़ी में छातापुर का यह ऐतिहासिक समारोह आयोजित हुआ.

शिक्षा के बिना जीवन में आगे बढ़ना मुमकिन नहीं: विधायक

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक नीरज कुमार सिंह बबलू ने कहा कि आज का दिन छातापुर ही नहीं, बल्कि पूरे बिहार के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है. उन्होंने 'पढ़ेगा बिहार तो बढ़ेगा बिहार' और 'उन्नत शिक्षा से उज्ज्वल भविष्य' जैसे नारे बुलंद करते हुए कहा कि संपूर्ण शिक्षा ग्रहण किए बिना किसी भी क्षेत्र में आगे नहीं बढ़ा जा सकता. विधायक ने अभिभावकों से पुरजोर अपील की कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से कॉलेज जरूर भेजें, ताकि वे शिक्षित होकर परिवार और समाज का नाम रोशन कर सकें.

साजिश को नाकाम कर मुख्यालय में स्थापित कराया कॉलेज

स्थान चयन को लेकर चल रहे विवाद का पटाक्षेप करते हुए विधायक ने एक बड़ा खुलासा किया. उन्होंने बताया कि शिक्षा विभाग की स्पष्ट गाइडलाइन थी कि कॉलेज प्रखंड मुख्यालय में ही स्थापित होना चाहिए. इसके बावजूद कुछ लोगों ने साजिश रचकर इसे मुख्यालय से 12 किलोमीटर दूर अररिया जिला की सीमा के पास स्वीकृत करवा लिया था. जब क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों के लोगों ने इसकी शिकायत की, तो उन्होंने तत्काल विभागीय मंत्री से मुलाकात की. इसके बाद स्थान परिवर्तन कराते हुए प्रखंड मुख्यालय में ही डिग्री कॉलेज की स्थापना को दोबारा स्वीकृति दिलाई गई. उन्होंने यह भी जानकारी दी कि कॉलेज के मॉडल भवन निर्माण के लिए कृषि विभाग की ओर से पांच एकड़ जमीन उपलब्ध करा दी गई है.

सरकार की दूरदर्शिता से ग्रामीण छात्रों का पलायन रुकेगा: एसडीएम

समारोह में पहुंचे त्रिवेणीगंज के एसडीएम अभिषेक कुमार ने भी इस दिन को ऐतिहासिक बताया. उन्होंने कहा कि सरकार की दूरदर्शिता के कारण ही आज प्रखंड स्तर पर डिग्री कॉलेज खुलना संभव हो पाया है. अब यहां के छात्र-छात्राओं को स्नातक (ग्रेजुएशन) की पढ़ाई के लिए सुदूर शहरों में जाने को मजबूर नहीं होना पड़ेगा और उनका समय व पैसा दोनों बचेगा. कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. मोहम्मद तबरेज आलम ने की, जबकि मंच का संचालन हाई स्कूल के सहायक शिक्षक नीतीश कुमार द्वारा किया गया.

"मुख्यालय में डिग्री कॉलेज की स्थापना से छातापुर के शैक्षणिक पिछड़ेपन को दूर करने में बड़ी मदद मिलेगी. यह संस्थान गरीब और मेधावी छात्रों, खासकर छात्राओं के लिए एक मील का पत्थर साबित होगा, जिन्हें पहले आगे की पढ़ाई के लिए काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था." — डॉ. मोहम्मद तबरेज आलम, प्रधानाचार्य, राजकीय डिग्री कॉलेज छातापुर

इस गरिमामय समारोह में बीडीओ डॉ. राकेश गुप्ता, सीओ रविराज कुमार, बीपीआरओ देश कुमार, थानाध्यक्ष प्रमोद झा, सुपौल नगर परिषद के मुख्य पार्षद राघवेंद्र झा राघव, प्रखंड प्रमुख आशिया देवी, वरिष्ठ नेता शालीग्राम पांडेय, मुखिया संघ के अध्यक्ष किशोर कुमार मुन्ना सहित भारी संख्या में एनडीए के पदाधिकारी, शिक्षक, गणमान्य नागरिक, छात्र और अभिभावक मुख्य रूप से उपस्थित थे.


विज्ञापन
संजय कुमार पप्पू

लेखक के बारे में

By संजय कुमार पप्पू

संजय कुमार पप्पू प्रिंट माध्यम में 16 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अपराध, राजनीति, कला-संस्कृति की खबरों में रुचि रखते हैं. छातापुर (सुपौल) क्षेत्र में काम कर रहे हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन