त्रिभाषा सूत्र को लेकर वीरपुर में मंथन, सोशल मीडिया अभियान को सफल बनाने की अपील

कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर मुख्य पार्षद सुशील कुमार ने की
वीरपुर. नगर पंचायत कार्यालय के सभागार में बुधवार को सीबीएसई द्वारा त्रिभाषा सूत्र के समर्थन में चलाए जा रहे देशव्यापी सोशल मीडिया अभियान को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर मुख्य पार्षद सुशील कुमार ने की. बैठक में शिक्षाविदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, पूर्व छात्रों एवं सोशल मीडिया से जुड़े सक्रिय सदस्यों ने भाग लिया. बैठक में त्रिभाषा सूत्र के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई. फेसबुक और एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर सक्रिय लोगों के साथ-साथ उपस्थित प्रधानाचार्यों, आचार्यों और गणमान्य व्यक्तियों ने अभियान को अधिक प्रभावी बनाने तथा त्रिभाषा सूत्र के महत्व को आम लोगों तक पहुंचाने पर अपने विचार साझा किए. मुख्य पार्षद सुशील कुमार ने कहा कि भारतीय संस्कृति और भाषाई विरासत को सुरक्षित रखने के लिए नई शिक्षा प्रणाली बेहद आवश्यक है. उन्होंने कहा कि इसमें क्षेत्रीय भाषा, राष्ट्रभाषा और एक विदेशी भाषा को समान महत्व दिया गया है. जो शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाएगा. उन्होंने कहा कि कुछ लोगों द्वारा इसका विरोध किया जाना उचित नहीं है. अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेकर इसे सफल बनाना चाहिए. बैठक के दौरान सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को जागरूक करने, सकारात्मक संदेश प्रसारित करने और युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया. कार्यक्रम में सुधांशु शेखर, कमल सिंह, सागर कुमार, अभय कुमार सिंह, सतीश गुड्डू सिंह, अजीत कुमार गुप्ता, आलोक कर्ण, निरंजन मेहता, विनोद ठाकुर, सत्येंद्र प्रसाद, उमेश कुमार एवं श्यामानंद मिश्रा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By राजीव कुमार झा
राजीव कुमार झा प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 02 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत हिन्दुस्तान से की. अभी प्रभात खबर ब्यूरोचीफ के पद पर सुपौल में काम कर रहे हैं. शिक्षा, कला-संस्कृति, सामाजिक कार्य व सिनेमा में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










