अतिक्रमणकारियों के कब्जा से एसएच 91 पर जाम, प्रशासन मौन

Updated at : 10 Apr 2026 7:15 PM (IST)
विज्ञापन
अतिक्रमणकारियों के कब्जा से एसएच 91 पर जाम, प्रशासन मौन

लोगों ने की जाम से निजात की मांग

विज्ञापन

– लोगों ने की जाम से निजात की मांग छातापुर. मुख्यालय स्थित एसएच 91 किनारे अतिक्रमण का साम्राज्य कायम है, जिससे जाम की समस्या आम हो गई है. जाम लगने के कारण राहगीर एवं वाहन चालकों को विकट परिस्थितियों का सामना करना पड़ रहा है. डहरिया पुल से लेकर राजवाडा तक हाइवे किनारे की जमीन पर अतिक्रमणकारियों ने अवैध कब्जा कर रखा है. वहीं छोटे बड़े वाहन हाइवे पर ही यत्र तत्र पार्क कर दिए जाते है. नतीजा है कि प्रत्येक दिन मुख्य सड़क पर जाम का आलम बना रहता है. शहरों में आमतौर पर दिखने वाला जाम अब कस्बाई इलाके में देखने को मिल रही है. दोपहिया, चारपहिया के अलावे ऑटो और ई-रिक्शा की संख्या में भी लगातार इजाफा हो रहा है. सुबह से लेकर देरशाम तक मुख्य सड़क पर इन वाहनों की आवाजाही लगी रहती है. जिसके कारण वाहन चालकों को एवं पैदल राहगीरों को भी परेशान होना पड़ रहा है. खासकर बस पड़ाव एवं मछली हाट के समीप मुख्य सड़क पर जाम की स्थिति बेहद ही खराब रहती है. लोगों ने बताया कि प्रशासन और पुलिस के अधिकारी व पदाधिकारी प्रत्येक दिन हाइवे से गुजरते हैं. परंतु इस विकराल समस्या पर उनकी नजरें इनायत नहीं होती. पुलिस व प्रशासन के वाहन से लेकर एंबुलेंस तक को कभी कभी जाम का खामियाजा भुगतना पड़ता है. बावजूद इसके जाम और अतिक्रमण से निजात दिलाने को लेकर कोई ठोस उपाय करने में दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं. अतिक्रमण तो एक बड़ी समस्या है ही, इसके अलावे मुख्य सड़क पर यातायात के नियमों का पालन अनुपालन भी नहीं किया जाता. बस पड़ाव पर बसों एवं छोटे वाहन हाइवे पर ही खडे कर यात्री को उतारा चढाया जाता है. वहीं खरीदारी व जरूरी कार्य से बाजार आने वाले लोग भी जगह के अभाव में अपने वाहनों को हाइवे पर ही खडी कर देते हैं. परिणामस्वरूप चौड़ा सा रहने वाला हाईवे संकरी हो जाता है. बड़े वाहनों के आमने सामने आ जाने पर जाम के हालात बन जाते हैं. मुख्यालय वासी हीरालाल साह, नारायण साह, बबलू भगत, मो रसीक, विवेकानंद मेनन, मुकेश कुमार यादव, मधु कुमार साह, जयनाथ दास, चंद्रमोहन उर्फ खोखा पांडेय ने जिला प्रशासन से मुख्यालय को जाम व अतिक्रमण से निजात दिलाने की मांग की है. साथ ही आवागमन को सहज और सरल बनाने के लिए यातायात के नियमों का प्रभावी अनुपालन करवाने का अनुरोध किया है. कहते हैं एसडीएम इस बाबत त्रिवेणीगंज एसडीएम अभिषेक कुमार ने बताया कि जाम की समस्या के निदान के लिए शनिवार को प्रखंड कार्यालय में एक बैठक होगी. बैठक में प्रखंड प्रशासन के अलावे सिविल सोसाइटी, हाट, गुदरी व बस पड़ाव के संवेदक सहित प्रबुद्धजन शामिल होंगे. बैठक में ठोस निर्णय लेकर उस दिशा में आवश्यक कार्यवाही की जायेगी.

विज्ञापन
RAJEEV KUMAR JHA

लेखक के बारे में

By RAJEEV KUMAR JHA

RAJEEV KUMAR JHA is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन