दिन में लाइट जला कर चल रहे वाहन

Updated:
विज्ञापन

सुपौल : बीते एक सप्ताह से मौसम में आये बदलाव के साथ ही ठंड व कोहरे ने दस्तक दी है. एकाएक ठंड पड़ने की वजह से अब लोगों के दिनचर्या में भी बदलाव स्पष्ट रूप से दिखने लगा है. वैसे तो शाम चार बजे के बाद से ही अंधेरा छाने लगता है. साथ ही सड़कों […]

विज्ञापन

सुपौल : बीते एक सप्ताह से मौसम में आये बदलाव के साथ ही ठंड व कोहरे ने दस्तक दी है. एकाएक ठंड पड़ने की वजह से अब लोगों के दिनचर्या में भी बदलाव स्पष्ट रूप से दिखने लगा है. वैसे तो शाम चार बजे के बाद से ही अंधेरा छाने लगता है. साथ ही सड़कों पर कोहरे की चादर पटी रहती है. जिस कारण वाहन चालकों को परिचालन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. आलम यह है कि सात बजे शाम के बाद जिला मुख्यालय की सड़कें वीरान हो जाती है.

ठंड का असर अब आम जन जीवन पर भी पड़ने लगा है. सबसे अधिक मुश्किलों का सामना छोटे – छोटे स्कूली बच्चों को करना पड़ता है जिन्हें सुबह जल्दी तैयार होकर स्कूल जाने की बाध्यता होती है. मुख्यालय के कई निजी विद्यालय के संचालक अभी भी सुबह सात बजे से ही वर्ग संचालन कर रहे हैं. ठंड को देखते हुए बाजार स्थित ऊनी वस्त्रों की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ दिन भर लगी रहती है. लोग अपने जरुरत के मुताबिक ऊनी वस्त्रों की खरीदारी कर रहे हैं.

वहीं ठंड के शुरुआती दौर में ही काफी संख्या में लोग बीमार भी पड़ रहे हैं. इसे ध्यान में रख कर इस मौसम में आम लोगों को कुछ एहतियात बरतने की भी आवश्यकता है. खास कर रहन – सहन और खान पान पर विशेष ध्यान देने की जरुरत है.

गरम कपड़ों की बढ़ी डिमांड
ठंड के दस्तक देते ही उलेन व रेडिमेड की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ बढ़ने लगी है. जिला मुख्यालय के रेडिमेड वस्त्र विक्रेताओं ने भी इस बार ग्राहकों की डिमांड को ध्यान में रख कर लेटेस्ट डिजाइन के ऊनी कपड़ों का स्टॉक कर रखा है. रेडिमेड वस्त्र विक्रेता ने बताया कि इस बार जैकेट की अधिक डिमांड है.
इस लिए आधुनिक डिजाइन व अलग – अलग वेराइटी के जैकेट का स्टॉक किया गया है. हालांकि इस वर्ष ऊनी कपड़ों की कीमतों में हुई वृद्धि की वजह से लोगों का इस मौसम में भी पसीना छूट रहा है. बावजूद लोग गरम कपड़ों की खरीदारी कर रहे हैं. घरेलू महिलाएं भी फुरसत के क्षणों में अपने छोटे – छोटे बच्चों के लिए स्वेटर आदि तैयार करने में मशगूल हैं.
मांसाहारी दुकानों पर बढ़ी भीड़
ठंड का आगाज होते ही मांसाहारी लोगों का झुकाव मांस – मछली व अंडा की ओर अधिक हो जाता है. यही वजह है कि इन दुकानों पर ग्राहकों की अधिक भीड़ देखी जा रही है. हालांकि हाल के दिनों में मांस – मछली व अंडे की कीमतों में काफी वृद्धि दर्ज की जा रही है. बावजूद इसके शौकीन लोग अधिक कीमत पर भी इनकी खरीदारी से परहेज नहीं करते हैं. जिला मुख्यालय में अभी मीट 400 रुपये प्रति किलो, मछली 250 से 400, मुर्गा 120 से 180 रुपये प्रति किलो व अंडा छह रुपये प्रति पीस के हिसाब से बिक रहा है.
बच्चे-बुजुर्ग का रखें ध्यान : डाॅ शांति भूषण
शहर के डाॅ शांति भूषण की माने तो ठंड का आगाज होने के साथ ही लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है.
खास कर नवजात शिशु एवं बुजुर्गों की अधिक देख रेख किया जाना चाहिए. डा भूषण ने बताया कि शुरुआती ठंड को लोग नजर अंदाज कर देते हैं. लेकिन सबसे अधिक खतरा ठंड के शुरुआती दिनों में ही रहता है. उनके अनुसार हृदय व रक्त चाप के मरीजों की अधिक देख भाल करनी चाहिए इस मौसम में छोटे बच्चों में वायरल निमोनियां एवं डायरिया का खतरा बना रहता है. इसलिए बच्चों को इस मौसम में ढ़क कर रखना चाहिए. बताया कि संध्या के समय उन्हें घर के भीतर रखना चाहिए. उन्होंने बताया कि इस मौसम में लोग पानी का सेवन कम करते हैं. जो खतरनाक हो साबित हो सकता है. पानी अधिक मात्रा में पीएं. जहां तक हो सके पानी को उबाल कर ही पीएं, इससे बहुत से रोगों से बचेंगे.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन