अगलगी में 16 घर जले, लाखों की संपत्ति स्वाहा

एक गाय की जलकर मौत हो गई, जबकि दो गाय झुलस गईं
प्रतापगंज. प्रतापगंज प्रखंड अंतर्गत चिलौनी दक्षिण पंचायत के वार्ड संख्या 02 मुस्लिम टोला में गणतंत्र दिवस की शाम भीषण आग लगने की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया. इस अग्निकांड में 09 परिवारों के 16 घर सहित सारा घरेलू सामान जलकर राख हो गये. आग की घटना में लगभग 3 लाख 70 हजार रुपये नकद, अनाज, कपड़े, बर्तन एवं अन्य सामान पूरी तरह नष्ट हो गया. इस हादसे में एक गाय की जलकर मौत हो गई, जबकि दो गाय झुलस गईं. वहीं डेढ़ दर्जन बकरियां भी आग की चपेट में आकर मर गईं. जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण अलाव से उठी चिंगारी बताया जा रहा है. घटना शाम करीब पांच बजे की है, जब अधिकांश लोग अपने घरों में मौजूद थे. आग की शुरुआत टोला के पूर्वी हिस्से में मो सलाउद्दीन के घर से हुई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया. आग की तेज लपटों में मो सलाउद्दीन के तीन घर, मो आजाद का एक घर, मो मुर्तज़ा के दो घर, मो मुस्तफा के दो घर, मो मिन्हाज के दो घर, मो शहाबुद्दीन का घर, मो अलाउद्दीन के दो घर, मो शमशेर का एक घर तथा मो जमशेद का घर जलकर खाक हो गया. आग इतनी भयावह थी कि लोग अपने घरों से कोई सामान नहीं निकाल सके. ग्रामीणों ने तत्काल थाना को सूचना देकर दमकल मंगवाई. पहले पहुंची छोटी दमकल आग बुझाने में असमर्थ रही, जिसके बाद वीरपुर से बड़ी दमकल मंगवाई गई. काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक पीड़ित परिवारों का सब कुछ स्वाहा हो चुका था. घटना की सूचना पर मंगलवार सुबह सीओ आशु रंजन, पूर्व प्रमुख रमेश प्रसाद यादव, पंचायत मुखिया, सरपंच एवं अन्य जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी. सीओ ने तत्काल प्लास्टिक शीट उपलब्ध कराते हुए अन्य सरकारी सहायता का भरोसा दिलाया. वहीं पूर्व प्रमुख रमेश यादव ने पीड़ित परिवारों को पांच हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी. सरपंच फिरोज आलम, पूर्व वार्ड सदस्य शहाबुद्दीन तथा पंचायत मुखिया घटना की रात से ही पीड़ितों की मदद में जुटे रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By राजीव कुमार झा
राजीव कुमार झा प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 02 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत हिन्दुस्तान से की. अभी प्रभात खबर ब्यूरोचीफ के पद पर सुपौल में काम कर रहे हैं. शिक्षा, कला-संस्कृति, सामाजिक कार्य व सिनेमा में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










