सीवान: युवा राष्ट्र निर्माण में निभाएं सक्रिय भूमिका, संघ के दस सामाजिक कर्तव्यों का करें पालन

Author Amarnath Sharma|Edited by Vivek Ranjan
Updated:
विज्ञापन
युवा संवाद कार्यक्रम में छात्रों को संबोधित करते आरएसएस उत्तर बिहार प्रांत के सह प्रांत प्रचारक | Prabhat Khabar Network

युवा संवाद कार्यक्रम में छात्रों को संबोधित करते आरएसएस उत्तर बिहार प्रांत के सह प्रांत प्रचारक | Prabhat Khabar Network

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने सीवान में युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया. उत्तर बिहार प्रांत के सह प्रांत प्रचारक प्रवीर कुमार ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने और सामाजिक कर्तव्यों का पालन करने के लिए प्रेरित किया.

विज्ञापन

सीवान: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के शताब्दी वर्ष कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत बुधवार को महावीरी सरस्वती विद्या मंदिर, विजयहाता में युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में उत्तर बिहार प्रांत के सह प्रांत प्रचारक प्रवीर कुमार ने विद्यार्थियों से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान करते हुए संघ द्वारा निर्धारित दस सामाजिक कर्तव्यों का पालन करने का संदेश दिया.

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती, ॐ और भारत माता के तैलचित्र पर पुष्पार्चन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ. इस अवसर पर सारण विभाग कार्यवाह प्रभात रंजन, सीवान जिला प्रचारक बसंत कुमार, सह जिला कार्यवाह बिनोद पांडेय, जिला संपर्क प्रमुख गिरीश कुमार तथा विद्यालय के प्राचार्य डॉ. कुमार विजय रंजन उपस्थित रहे.

सामाजिक समरसता और राष्ट्रहित सर्वोपरि रखने का आह्वान

अपने संबोधन में प्रवीर कुमार ने कहा कि आज का युवा केवल अपने भविष्य का निर्माता नहीं, बल्कि राष्ट्र के वर्तमान और भविष्य का भी आधार है. उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता, पारिवारिक संस्कार, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी आचरण, नागरिक कर्तव्यों का पालन, चरित्र निर्माण और राष्ट्र सर्वोपरि की भावना जैसे मूल्यों को अपनाकर ही विकसित और सशक्त भारत का निर्माण संभव है.

उन्होंने कहा कि जाति, भाषा, क्षेत्र और आर्थिक आधार पर भेदभाव समाज को कमजोर करता है. सभी भारतीय एक परिवार के सदस्य हैं और परस्पर सम्मान, सहयोग तथा आत्मीयता की भावना ही राष्ट्र की वास्तविक शक्ति है. विद्यार्थियों से परिवार में संस्कारों को अपनाने, माता-पिता एवं बड़ों का सम्मान करने और भारतीय जीवन मूल्यों को आत्मसात करने का भी आग्रह किया.

पर्यावरण संरक्षण और स्वदेशी अपनाने पर दिया जोर

प्रवीर कुमार ने जल, जंगल और जमीन के संरक्षण को प्रत्येक नागरिक का दायित्व बताते हुए विद्यार्थियों से वृक्षारोपण, जल संरक्षण और स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की. उन्होंने स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग को आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव बताते हुए स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने का आह्वान किया.

उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को संविधान एवं समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करना चाहिए. अनुशासन, कानून का सम्मान, मतदान, सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखना एक आदर्श नागरिक की पहचान है. अंत में उन्होंने विद्यार्थियों को सेवा, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति को जीवन का लक्ष्य बनाने का संकल्प दिलाया.

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के मीडिया प्रभारी अखिलेश श्रीवास्तव ने बताया कि सभी आचार्यों एवं विद्यार्थियों ने राष्ट्र और समाज के प्रति अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक पालन करने का सामूहिक संकल्प लिया.

इस अवसर पर उप प्राचार्य आशुतोष कुमार, देवानंद श्रीवास्तव, मुरली मनोहर मिश्र, सच्चितानंद पांडेय, योगेंद्र राय, हरदीप सिंह, प्रीति कुमारी, अंकिता, सुमन कुमारी, कुंदन कुमार सहित विद्यालय के सभी शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे.


विज्ञापन
Amarnath Sharma

लेखक के बारे में

By Amarnath Sharma

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन